सोशल संवाद / आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर क्षेत्र से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। आरआईटी थाना क्षेत्र के आसंगी चेक डैम में नहाने गए दो युवक गहरे पानी में डूब गए। घटना रविवार दोपहर करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है। दोनों युवकों की तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों के बाद अब NDRF की टीम भी रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई है।
यह भी पढ़े : भाजपा परसुडीह मंडल का कार्यकर्ता सम्मान समारोह सम्पन्न
समाचार लिखे जाने तक दोनों युवकों का पता नहीं चल सका था। तेज बहाव और नदी में बढ़े जलस्तर के कारण रेस्क्यू टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
नहाने के दौरान गहरे पानी में गए दोनों युवक
डूबे युवकों की पहचान बंता नगर (धोबोडुंगरी) निवासी 18 वर्षीय सोनू लोहार और मीरूडीह निवासी शुभम शर्मा के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक एक ही बाइक से आसंगी चेक डैम पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान दोनों अचानक गहरे पानी में चले गए। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वे तेज बहाव की चपेट में आ गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
स्थानीय गोताखोरों ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
सूचना मिलते ही आरआईटी थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों युवकों की तलाश शुरू की गई। हालांकि, रविवार को अंधेरा होने के कारण सर्च ऑपरेशन को रोकना पड़ा। सोमवार सुबह दोबारा अभियान शुरू किया गया और NDRF की टीम ने स्थानीय स्तर पर चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन में सहयोग शुरू किया।
खरकई नदी के तेज बहाव से रेस्क्यू में परेशानी
रेस्क्यू टीम के सामने सबसे बड़ी चुनौती पानी का तेज बहाव है। आसंगी चेक डैम से जुड़े इलाके में खरकई नदी का बहाव तेज बताया जा रहा है। ऐसे में गोताखोरों और NDRF जवानों को पानी के अंदर सर्च करने में काफी परेशानी हो रही है। टीम लगातार संभावित स्थानों पर दोनों युवकों की तलाश कर रही है।
डेंजर जोन घोषित होने के बावजूद पहुंचते हैं लोग
आसंगी चेक डैम को लेकर प्रशासन पहले ही लोगों को चेतावनी दे चुका है। जिला प्रशासन ने इस स्थान को डेंजर जोन घोषित कर रखा है और यहां नहाने पर प्रतिबंध है। लोगों को सावधान करने के लिए चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं।
इसके बावजूद कई लोग चोरी-छिपे चेक डैम में नहाने पहुंच जाते हैं। बरसात के दौरान जलस्तर बढ़ने और पानी का बहाव तेज होने के कारण यहां खतरा और बढ़ जाता है।
कुछ महीनों में 5 युवकों की मौत का दावा
स्थानीय स्तर पर सामने आई जानकारी के अनुसार, आसंगी चेक डैम में पिछले कुछ महीनों के दौरान डूबने की घटनाओं में पांच युवकों की मौत हो चुकी है। लगातार हादसों के बावजूद लोगों का यहां नहाने पहुंचना चिंता का विषय बना हुआ है।
प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की जाती रही है कि वे प्रतिबंधित और खतरनाक जलाशयों में न जाएं। खासकर बारिश के मौसम में तेज बहाव वाले स्थानों से दूरी बनाए रखना बेहद जरूरी है। फिलहाल सोनू लोहार और शुभम शर्मा की तलाश में NDRF और स्थानीय टीम का सर्च ऑपरेशन जारी है। दोनों युवकों के परिवारों और स्थानीय लोगों की निगाहें रेस्क्यू टीम की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।









