सोशल संवाद / जमशेदपुर : मानगो वासियों को जाम से राहत दिलाने के लिए बन रहे स्वर्णरेखा नदी पर पुल सह फ्लाई ओवर का निर्माण कार्य काफी तेज गति से चल रहा है। मानगो डिमना रोड में ब्लू बेल्स स्कूल के पास से नदी के दूसरे छोर तक तक फ्लाईओवर अब अपना आकार ले चुकी है।
यह भी पढे : नववर्ष यात्रा सफल, समीक्षा बैठक में लाखों श्रद्धालुओं व प्रशासन के सहयोग पर जताया आभार
संवेदक दिनेश आर अग्रवाल के प्रतिनिधि ने बताया कि पहले मार्च 2026 तक स्वर्णरेखा नदी पर पुल बनाने का कार्यक्रम था, लेकिन अब नदी पर पुल बनाने से पहले मानगो चौक पर फ्लाई ओवर निर्माण कार्य को पहले तैयार किया जाएगा।
दो लेन फ्लाई ओवर का हो रहा निर्माण
चूंकि मानगो चौक के पास डिमना रोड से आने वाले चार लेन तथा मानगो आजादनगर रोड से आने वाले दो लेन फ्लाई ओवर का निर्माण किया जा रहा है। डिमना रोड व आजादनगर रोड से आने वाले दोनो फ्लाई ओवर को मानगो गोलचक्कर पर से ही गुजरना है।
यही कारण है कि नदी पर पुल को तैयार करने से पहले मानगो गोलचक्कर के पास दोनों ओर से आने वाले फ्लाई ओवर का निर्माण पहले किया जाएगा। इसी क्रम में मंगलवार की रात में मानगो गोलचक्कर पर पिलर पर स्लैग लगाने का काम किया गया है।
संवेदक के प्रतिनिधि ने बताया कि फ्लाई ओवर निर्माण का काम तेजी से चल रहा है। हालांकि नदी पर पिलर बनाने का काम पूरा हो चुका है। फिलहाल फ्लाई ओवर का निर्माण वर्कर्स फ्लैट की ओर दिन रात किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मानगो फ्लाई ओवर का पूरा काम जुलाई 2026 तक पूरा हो जाएगा। बता दें कि मानगो न्यू पुरूलिया रोड जाने वाले फ्लाई ओवर के लिए न्यू पुरूलिया रोड में मानगो चौक से पारडीह की ओर फ्लाई ओवर के लिए 14 पिलर का निर्माण पूरा हो चुका है।
57 पिलरों पर रहेगा पुल व फ्लाई ओवर
मानगो फ्लाईओवर सह पुल का लोड 57 पिलर पर रहेगा। इसमें लगभग सभी पिलर का काम पूरा हो चुका है। जानकारी हो कि 252 करोड़ की लागत से बन रहे मानगो फ्लाई ओवर मानगो डिमना रोड में फोर लेन का बनेगा, जिससे आना-जाना दोनों होगा।
वहीं, मानगो न्यू पुरूलिया रोड पर बन रहा फ्लाई ओवर दो लाइन का है, जिसमें पहले एक ही ओर से आने का प्रावधान किया गया है, लेकिन स्थानीय प्रशासन अपनी सुविधा के अनुसार दो लाइन के फ्लाईओवर पर आने-जाने की इजाजत दे सकते हैं। फ्लाई ओवर बन जाने से शहरवासी खासकर वर्षों से जाम का दंश झेल रहे मानगोवासी को राहत मिल सकेगी।









