सोशल संवाद / डेस्क : भारत स्काउट एंड गाइड के जिला मुख्यालय आम बागान, साकची में 24 अगस्त 2026 को संगठन के परिषद चुनाव को लेकर काउंसिल की बैठक आयोजित की गई। बैठक सुबह 11 बजे से श्री सतीश चंद्र वर्णवाल की अध्यक्षता में शुरू हुई। इसमें संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों के साथ जिले के करीब 50 विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्काउट मास्टर और गाइड कैप्टन शामिल हुए।
यह भी पढ़े : सावन की अंतिम सोमवारी पर भक्ति रस में डूबा जमशेदपुर, भजन संध्या में मनोज तिवारी ने बांधा समां
बैठक की शुरुआत स्काउट प्रार्थना से हुई। इसके बाद जिला सचिव चंद्रमणि मोदी ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों और सदस्यों का स्वागत किया। गत बैठक की कार्यवाही की पुष्टि के बाद संगठन की ओर से किए गए विभिन्न कार्यों और गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। वहीं, कोषाध्यक्ष ने संगठन के खाते से संबंधित आरबीआई का ब्यौरा सदस्यों के समक्ष रखा।
भोजनावकाश के बाद दोपहर करीब 2:30 बजे चुनाव प्रक्रिया शुरू की गई। पूर्व काउंसिल की बैठक में चुनाव पदाधिकारी के रूप में नियुक्त मानस रंजन पात्र ने नामांकन पत्रों के आधार पर चुनाव की प्रक्रिया शुरू कराई। राज्य संगठन की ओर से प्रतिनियुक्त पर्यवेक्षक उमाशंकर सिंह की उपस्थिति में पूरी चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई।
चुनाव में सभी पदाधिकारी निर्विरोध निर्वाचित हुए। सभापति के पद पर जिले के उपायुक्त को चुना गया। उपसभापति के पद पर उप विकास आयुक्त, धालभूम के अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परिषद सदस्य श्रीमती बारी मुर्मू के साथ सतीश चंद्र वर्णवाल और श्रीमती पूर्वी घोष को निर्विरोध चुना गया।
वहीं, मुख्य जिला आयुक्त के पद पर मनोज कुमार यादव निर्विरोध निर्वाचित हुए। चुनाव प्रक्रिया राज्य संगठन द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक उमाशंकर सिंह की देखरेख में चुनाव पदाधिकारी द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करते हुए पूरी की गई।
चुनाव संपन्न होने के बाद चुनाव पदाधिकारी और जिला सचिव चंद्रमणि मोदी ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी। इसके बाद सभी निर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण कराया गया।
पूरी चुनाव प्रक्रिया और बैठक की व्यवस्था की देखरेख जिला संगठन आयुक्त नरेश कुमार ने की। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक का समापन हुआ।









