सोशल संवाद / सरायकेला-खरसावाँ : जिले में नशा मुक्ति अभियान के तहत विभिन्न प्रखंडों में जागरूकता रैली, शपथ ग्रहण कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक एवं जागरूकता वाहन के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह के मार्गदर्शन एवं झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) के सहयोग से संचालित किया जा रहा है।
यह भी पढे : पत्रकार पर हमले के विरोध में आदित्यपुर थाना के सामने पत्रकारों का अनिश्चितकालीन धरना
अभियान के तहत आयोजित रैलियों में स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की दीदियां, ग्राम संगठन (वीओ) के पदाधिकारी, जेंडर सीआरपी, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड सदस्य एवं अन्य सामुदायिक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। रैली के दौरान लोगों को नशे के दुष्प्रभावों, परिवार एवं समाज पर पड़ने वाले इसके नकारात्मक असर तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
विभिन्न पंचायतों एवं गांवों में नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से नशे के सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों का प्रभावी प्रदर्शन किया गया। वहीं जागरूकता वाहन के जरिए नशामुक्ति संबंधी संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर लोगों को इस अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों एवं प्रतिभागियों को नशे से दूर रहने तथा अपने गांव और समुदाय को नशामुक्त बनाने की शपथ दिलाई गई। साथ ही युवाओं को नशे से बचाने, समाज में जागरूकता फैलाने और अवैध मादक पदार्थों से जुड़ी गतिविधियों की सूचना प्रशासन को देने की अपील की गई।
प्रशासन का मानना है कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के विकास में बड़ी बाधा है। ऐसे में जनभागीदारी के माध्यम से नशे के खिलाफ एक सशक्त जनआंदोलन खड़ा कर स्वस्थ, सुरक्षित एवं जागरूक समाज का निर्माण किया जा सकता है।










