Dr Abhishek Child Care

ओलंपिक दिवस पर खिलाड़ियों का सम्मान, क्रॉस कंट्री रेस और फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन

By Riya Kumari

Published :

Follow
ओलंपिक दिवस पर खिलाड़ियों का सम्मान, क्रॉस कंट्री रेस और फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन
Srinath Advertisement
Dayal Advertisement

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद / सरायकेला: अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर मंगलवार को सरायकेला में खेल प्रतिभाओं के सम्मान, क्रॉस कंट्री रेस और फुटबॉल प्रतियोगिता सहित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना तथा युवाओं में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

यह भी पढे : सोना-चांदी में बड़ी गिरावट, जानिए आज का ताजा रेट

जिला समाहरणालय में आयोजित सम्मान समारोह में उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिले के नौ खिलाड़ियों को ट्रैकसूट, स्मृति चिन्ह एवं शॉल देकर सम्मानित किया। तीरंदाजी में राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले शिव शंकर पड़ीहारी, उत्तम महतो और प्रियंका कालिंदी को सम्मानित किया गया। वहीं अंडर-14 राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में झारखंड को चैंपियन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले आकाश मुर्मू, शुभांशु गोप और हरि सोरेन को भी सम्मान मिला।

इसके अलावा 36वीं ईस्ट जोन एथलेटिक्स प्रतियोगिता की रिले रेस में स्वर्ण पदक विजेता राधा कुमारी तथा 60वीं राष्ट्रीय क्रॉस कंट्री रेस में बेहतर प्रदर्शन करने वाले मुकेश कुमार और पानो बास्के को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार, जिला ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष मोहम्मद दिलदार, सचिव सिकंदर महतो समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

इससे पूर्व अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के उपलक्ष्य में सरायकेला गेस्ट हाउस से बिरसा मुंडा स्टेडियम तक क्रॉस कंट्री रेस का आयोजन किया गया। नगर परिषद अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी, विधायक प्रतिनिधि सनत कुमार आचार्य और जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार ने संयुक्त रूप से प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। खिलाड़ियों ने ओलंपिक थीम संगीत के साथ उत्साहपूर्वक दौड़ में भाग लिया। रेस का मार्ग सर्किट हाउस रोड और गैरेज चौक होते हुए बिरसा मुंडा स्टेडियम तक निर्धारित था।

क्रॉस कंट्री रेस में मिलन सोय ने प्रथम, अनमोल हेम्ब्रम ने द्वितीय तथा मुकेश कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और ओलंपिक में भारत का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

वहीं बिरसा मुंडा स्टेडियम में आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता में महिला वर्ग का खिताब कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, खरसावां की टीम ने राव एकादश दुगनी को हराकर अपने नाम किया। पुरुष वर्ग में एमएलसी भेलाईडीह, सरायकेला की टीम ने आरएफटीसी खरसावां को 2-0 से पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। प्रतियोगिता में कुल चार पुरुष और तीन महिला टीमों ने हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता के समापन पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में जिला ओलंपिक संघ, हॉकी संघ, नेटबॉल संघ सहित विभिन्न खेल संगठनों के पदाधिकारी, प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे। ओलंपिक दिवस के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों ने जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने का संदेश दिया।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---

Exit mobile version