सोशल संवाद/डेस्क : स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने आज कालकाजी मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुव्यवस्था को ध्यान में रखते हुए विभिन्न जनसुविधा एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का शुभारंभ किया | इन कार्यों का उद्देश्य मंदिर परिसर को अधिक स्वच्छ, सुगम एवं सुरक्षित बनाना है, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव प्राप्त हो सके। आगामी माह से प्रारंभ होने वाले नवरात्रों से पूर्व नागरिकों को इन सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। इस अवसर पर मध्य वार्ड समिति की अध्यक्ष श्रीमती योगिता सिंह, क्षेत्रीय उपायुक्त शाश्वत सौरभ सहित अन्य निगम अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
ये भी पढे : केरल में NTPC नेशनल आर्चरी टूर्नामेंट का भव्य आगाज, अर्जुन मुंडा का संदेश
सत्या शर्मा ने कहा कि दिल्ली नगर निगम द्वारा सभी विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाएगा ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त शौचालय का निर्माण किया जाएगा। श्रद्धालुओं के आवागमन को आसान एवं सुरक्षित बनाने के लिए आने-जाने के रास्तों को चौड़ा किया जाएगा तथा उन पर उच्च गुणवत्ता की टाइलें लगाई जाएंगी।

इसके साथ ही परिसर में बैठने के लिए बेंच स्थापित की जाएंगी ताकि बुजुर्गों, महिलाओं एवं बच्चों को विश्राम की सुविधा मिल सके। मंदिर क्षेत्र की खाली भूमि की चारदीवारी कर सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के उद्देश्य से वृक्षारोपण किया जाएगा और हरियाली विकसित की जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं को शांत एवं सुखद वातावरण प्राप्त हो।

इस अवसर पर सत्या शर्मा ने कहा कि दिल्ली नगर निगम धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और ऐसे स्थलों के समग्र विकास हेतु निरंतर प्रयास कर रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित मानकों के अनुसार पूर्ण किए जाएं।










