सोशल संवाद / डेस्क : आईपीएल 2026 में अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। भुवी अब आईपीएल इतिहास के पहले ऐसे तेज गेंदबाज बन गए हैं, जिन्होंने इस टूर्नामेंट में 200 विकेट पूरे किए हैं। इससे पहले कोई भी फास्ट बॉलर इस आंकड़े तक नहीं पहुंच पाया था।

यह भी पढ़े : IPL 2026 में LSG के साथ नई शुरुआत को तैयार अर्जुन तेंदुलकर, ज्यादा मौके मिलने की उम्मीद
भुवनेश्वर कुमार ने यह उपलब्धि चेन्नई के खिलाफ मुकाबले में हासिल की, जब उन्होंने युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे को आउट किया। इस विकेट के साथ ही उन्होंने आईपीएल में अपने 200 विकेट पूरे कर लिए। इस मैच में उनकी गेंदबाजी में वही धार और सटीकता देखने को मिली, जिसके लिए वह जाने जाते हैं।
अगर आईपीएल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की बात करें, तो युजवेंद्र चहल इस सूची में शीर्ष पर हैं। चहल ने 176 मैचों में 224 विकेट लिए हैं। वहीं भुवनेश्वर कुमार 192 मैचों में 200 विकेट के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर सुनील नरेन (193 विकेट), चौथे नंबर पर पीयूष चावला (192 विकेट) और पांचवें स्थान पर आर अश्विन (187 विकेट) मौजूद हैं।
मुकाबले की बात करें तो रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स के सामने 251 रन का विशाल लक्ष्य रखा। टीम के लिए टिम डेविड ने 25 गेंदों में नाबाद 70 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 8 छक्के शामिल थे। वहीं देवदत्त पडिक्कल ने 50 रन और कप्तान रजत पाटीदार ने नाबाद 48 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
चेन्नई के गेंदबाज इस मैच में खासा महंगे साबित हुए और बैंगलोर के बल्लेबाजों ने जमकर रन बटोरे। अब देखना दिलचस्प होगा कि चेन्नई की टीम इस बड़े लक्ष्य का पीछा कैसे करती है।
भुवनेश्वर कुमार का यह रिकॉर्ड ना सिर्फ उनके शानदार करियर का प्रमाण है, बल्कि आईपीएल इतिहास में भी एक नई मिसाल बन गया है।









