सोशल संवाद/डेस्क: Bihar में विधानसभा चुनाव का ऐलान हुए 8 दिन हो गए हैं, लेकिन NDA और महागठबंधन में सीटों का बंटवारा नहीं हो पाया है। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री Nitish Kumar 9 सीटों के बंटवारे से नाराज बताए जा रहे हैं। इस बीच बीजेपी ने 71 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। पार्टी ने विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव का टिकट काट दिया है।
यह भी पढ़ें: सुशांत सिंह राजपूत की बहन दिव्या गौतम उतरेंगी चुनावी मैदान में, दीघा सीट से आजमाएंगी किस्मत
JDU ने सीट बंटवारे को लेकर BJP से फिर विचार करने की मांग की है। बताया जा रहा है कि आज शाम को NDA की जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस हो सकती है। उधर, महागठबंधन में भी मामला फंसा है। लालू यादव ने सोमवार को RJD कैंडिडेट्स को सिंबल दे दिया था, लेकिन महागठबंधन में दरार की खबर के बीच देर रात कई कैंडिडेट्स से सिंबल वापस ले लिया गया है। बताया जा रहा है कि तेजस्वी की आपत्ति के बाद यह फैसला लिया गया।



बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान 6 अक्टूबर को हुआ था। राज्य की 243 विधानसभा सीटों पर 2 फेज में वोटिंग होगी। मतदान 6 और 11 नवंबर को होंगे और नतीजे 14 नवंबर को आएंगे। पहले फेज में पटना समेत बिहार की 121 सीटों पर वोट डाले जाएंगे।



दूसरे चरण में बॉर्डर से सटे 122 विधानसभा सीटों पर वोटिंग होगी। चुनाव के ऐलान से काउंटिंग तक की प्रक्रिया 40 दिन चलेगी। इस विधानसभा चुनाव में करीब 7.42 करोड़ वोटर हैं। इनमें 14 लाख नए वोटर्स हैं।








