सोशल संवाद/डेस्क : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की घोषणा हो गई है। चुनाव आयोग ने 2 फेज में वोटिंग कराने का फैसला लिया है। 6 और 11 नवंबर को वोटिंग होगी। 14 नवंबर को नतीजे आएंगे। 40 साल बाद बिहार में 2 फेज में मतदान होंगे। उक्त जानकारी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान दी।

यह भी पढे : BJP की सीट शेयरिंग फॉर्मूले से मांझी नाराज:धर्मेंद्र प्रधान से सिर्फ 15 मिनट की मीटिंग
इससे पहले 1985 के चुनाव में भी 2 चरण में वोट डाले गए थे। इस चुनाव में कांग्रेस ने 196 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत प्राप्त किया था, जबकि लोक दल मुख्य विपक्षी दल के रूप में उभरा था। भाजपा को 16 सीटें मिली थीं। उस समय जनता पार्टी भी चुनावी मैदान में थी जो बाद में जनता दल में शामिल हो गई। जनता पार्टी को 229 में से 13 सीटें मिली थीं।
इस चुनाव के बाद बिहार में एक ही कार्यकाल में चार मुख्यमंत्री बने थे। 1985 से 1988 तक बिंदेश्वरी दुबे बिहार के मुख्यमंत्री रहे। उनके बाद लगभग एक साल भागवत झा आजाद, फिर कुछ महीनों के लिए सत्येंद्र नारायण सिन्हा और जगन्नाथ मिश्र बिहार के मुख्यमंत्री बने थे।
चुनावी हिंसा में 69 लोगों की हुई थी मौत
1985 के चुनावी हिंसा में 69 लोगों की मौत हुई थी। 1370 हिंसक घटनाएं हुई। चुनाव के दिन 310 घटनाएं हुईं, जिनमें 49 लोगों की मौत हुई। बूथ लूट की भी कई घटनाएं सामने आई थीं।
चुनाव के दिन करीब एक हजार लोगों को गिरफ्तार किया गया था। मसौढ़ी, हटिया, नालंदा में प्रत्याशियों की हत्या हुई थी। वहीं, बोकारो के निर्दलीय प्रत्याशी बनवारी राम की मौत संदिग्ध परिस्थिति में हो गई थी।
पारा मिलिट्री की 200 कंपनियां को लगाया गया था
शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए निर्वाचन आयोग ने पारा मिलिट्री की 200 कंपनियों को लगाया था। चुनाव में बिहार पुलिस और होमगार्ड को भी लगाया गया था। हर बूथ पर स्थायी पुलिस बल तैनात किया गया था।
बिहार में अब तक कितने विधानसभा चुनाव हो चुके हैं
1952 से बिहार में विधानसभा चुनाव की शुरुआत हुई थी। इसके बाद से 2020 तक बिहार में 17 बार विधानसभा चुनाव हो चुके हैं।
सबसे ज्यादा 6 फेज में 2010 में चुनाव हुआ था। साल 2005 की फरवरी में हुए चुनाव में सरकार नहीं बन पाने के कारण अक्टूबर में फिर से चुनाव करवाने पड़े थे।
बिहार विधानसभा की मौजूदा स्थिति
बिहार में विधानसभा की कुल 243 सीटें हैं और सरकार बनाने के लिए किसी दल या गठबंधन के पास 122 सीटें होना जरूरी हैं। बिहार में फिलहाल जेडीयू और बीजेपी के घटक दलों वाली एनडीए सरकार है और आरजेडी के तेजस्वी यादव बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं। बिहार विधानसभा में अभी बीजेपी के 80 विधायक हैं, आरजेडी के 77, जेडी(यू) के 45 और कांग्रेस के 19 विधायक हैं।








