सोशल संवाद / डेस्क : पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर ब्रांड बिसलेरी के पानी की गुणवत्ता को लेकर विवाद के बीच कंपनी ने आधिकारिक बयान जारी कर अपना पक्ष रखा है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की जांच में पानी का सैंपल असुरक्षित पाए जाने के बाद कंपनी ने दावा किया है कि उसी सैंपल की स्वतंत्र जांच FSSAI से मान्यता प्राप्त थर्ड पार्टी लैब में कराई गई थी, जहां ब्रोमेट का स्तर निर्धारित सीमा के भीतर मिला। कंपनी ने अपने उत्पादों को पीने के लिए सुरक्षित बताया है।
यह भी पढे : टाटा मोटर्स के मुख्य गेट पर सुबोध पात्रो के परिजनों का प्रदर्शन, आश्रित को स्थायी नौकरी देने की मांग
यह मामला सितंबर 2025 में गोवा स्थित बिसलेरी की निर्माण इकाई में तैयार किए गए एक बैच से जुड़ा है। कंपनी के अनुसार, FSSAI ने 30 सितंबर 2025 को वहां से पानी के छह सैंपल लिए थे। शुरुआती जांच में पांच सैंपल निर्धारित मानकों पर खरे उतरे, जबकि छठे सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर पाई गई। इसकी निर्धारित सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है।
दूसरी जांच में PAHs मिलने से बढ़ा विवाद
बिसलेरी ने शुरुआती जांच के नतीजे के खिलाफ 22 नवंबर 2025 को अपील की थी। इसके बाद सैंपल को रेफरल लैब में जांच के लिए भेजा गया। कंपनी के मुताबिक, इस जांच में ब्रोमेट का स्तर निर्धारित सीमा के भीतर पाया गया, लेकिन सैंपल में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन्स (PAHs) की मौजूदगी सामने आई।
रेफरल लैब की रिपोर्ट के आधार पर FSSAI ने सैंपल को असुरक्षित घोषित किया। इसके बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी गई।
थर्ड पार्टी टेस्ट में ब्रोमेट तय सीमा के भीतर
कंपनी का कहना है कि अलग-अलग लैब की जांच रिपोर्ट में अंतर सामने आने के बाद उसने उसी सैंपल की स्वतंत्र जांच FSSAI से मान्यता प्राप्त लैब में कराई। इस जांच में ब्रोमेट का स्तर निर्धारित सीमा के भीतर पाया गया।
बिसलेरी के अनुसार, उसने 2 फरवरी 2026 को स्वतंत्र जांच की रिपोर्ट FSSAI के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय को औपचारिक पत्र के साथ सौंप दी थी। कंपनी का दावा है कि इसके बाद उसे प्राधिकरण की ओर से कोई और सूचना नहीं मिली। उसे ईमेल या हार्ड कॉपी के जरिए भी किसी नोटिस की जानकारी नहीं मिली।
कंपनी ने कहा- 90 से अधिक गुणवत्ता जांच होती हैं
बिसलेरी ने अपने बयान में कहा कि पीने के पानी की सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है। कंपनी के मुताबिक, उसकी 10 चरणों वाली निर्माण प्रक्रिया में 90 से अधिक गुणवत्ता परीक्षण किए जाते हैं। कंपनी ने यह भी कहा कि वह मामले को उचित नियामक प्रक्रिया के तहत सुलझाने के लिए FSSAI के साथ सहयोग जारी रखेगी।
क्या पूरे देश में बिसलेरी के पानी पर लगा प्रतिबंध?
फिलहाल इस मामले में देशभर में बिसलेरी के पानी की बिक्री पर प्रतिबंध या कंपनी के सभी उत्पादों को वापस लेने का आदेश घोषित नहीं किया गया है। विवाद सितंबर 2025 में गोवा प्लांट में तैयार किए गए एक विशेष बैच के सैंपल की जांच से जुड़ा है।
गौरतलब है कि FSSAI की जांच में सैंपल को असुरक्षित घोषित किया गया है, जबकि कंपनी स्वतंत्र लैब की रिपोर्ट के आधार पर अपना पक्ष रख रही है। ऐसे में मामले में नियामक प्रक्रिया और आगे की जांच महत्वपूर्ण होगी। सैंपल की जांच में सामने आए निष्कर्षों को कंपनी के सभी उत्पादों पर लागू नहीं माना जाना चाहिए।











