सोशल संवाद / जमशेदपुर: जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के बिरसानगर स्थित संडे मार्केट में भाजपा बिरसानगर मंडल की ओर से भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। मंडल अध्यक्ष बापन बनर्जी की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र नेता रवि सिंह चंदेल और तुरी समाज के जिला अध्यक्ष मनीष प्रसाद के नेतृत्व में सैकड़ों युवाओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा नेताओं ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
यह भी पढे : NEET साल में 2 बार, 12वीं के मार्क्स को वेटेज:नंदन नीलकेणी पैनल को मिले 50 हजार से ज्यादा सुझाव
कार्यक्रम की शुरुआत धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई। इस मौके पर मुख्य अतिथि भाजपा झारखंड प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व मंत्री अमर कुमार बाउरी, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू और भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा मौजूद रहे।
प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा, सुशासन और अंत्योदय के संकल्प के साथ काम करने वाला परिवार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे विकास कार्यों और भाजपा की विचारधारा से प्रभावित होकर युवा पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने नए सदस्यों से पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि बिरसानगर में बड़ी संख्या में युवाओं का भाजपा से जुड़ना संगठन के प्रति बढ़ते विश्वास को दर्शाता है। युवाओं की ऊर्जा और सकारात्मक सोच क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। वहीं, महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि नए कार्यकर्ताओं के जुड़ने से संगठन को मजबूती मिलेगी और पार्टी की गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार, कुलवंत सिंह बंटी, कल्याणी शरण, संजीव कुमार, अमरजीत सिंह राजा, जितेंद्र राय, नीलु मछुआ, गणेश सोलंकी, शैलेश गुप्ता समेत भाजपा के कई पदाधिकारी, मंडल कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।











