सोशल संवाद/डेस्क : झारखंड के जमशेदपुर में उद्यमी देवांग गांधी के पुत्र कैरव गांधी के अपहरण के गंभीर मामले में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा एसएसपी कार्यालय के समक्ष अनावश्यक प्रदर्शन करना अत्यंत निंदनीय और राजनीतिकरण का घृणित प्रयास है । यह प्रदर्शन न केवल पुलिस की स्वतंत्र जांच को बाधित करने का कृत्य है, बल्कि अपहरण पीड़ित परिवार की पीड़ा को और गहराने वाला है, क्योंकि पुलिस टीमें बिहार के हाजीपुर गैंग और अंतरराष्ट्रीय अपराधियों तक जांच फैला चुकी हैं ।
ये भी पढे : झारखंड निकाय चुनाव: आयोग ने तय कर दी खर्च की सीमा
कांग्रेस पार्टी हमेशा कानून-व्यवस्था के पक्ष में खड़ी रही है तथा ऐसे राजनीतिक स्टंट से बचने का आह्वान करती है।भाजपा का यह प्रदर्शन पुलिस की निष्क्रियता का झूठा आरोप लगाकर जनता को भ्रमित करने की साजिश मात्र है, जबकि एसआईटी सक्रिय रूप से सीसीटीवी फुटेज, फर्जी पुलिस बोर्ड वाली गाड़ियों और फिरौती मांगने वालों की पड़ताल कर रही है । पूर्व जिला अध्यक्ष के रूप में पूर्वाग्रह-रहित जांच की मांग करते हुए हम भाजपा से अपील करते हैं कि वे अपराधियों को पकड़ने में सहयोग करें न कि सड़क जाम कर राजनीतिक लाभ कमाने का प्रयास करें। यह घटना झारखंड की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाने का माध्यम नहीं, अपराधियों को सजा दिलाने का अवसर है।
कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार के साथ पूर्ण एकजुटता व्यक्त करती है तथा तत्काल कैरव गांधी की सुरक्षित बरामदगी हेतु हरसंभव सहयोग का आश्वासन देती है। हम सरकार से विशेष जांच दल को और सशक्त बनाने तथा अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग करते हैं। राजनीति से ऊपर उठकर सामाजिक न्याय सुनिश्चित करना हमारा संकल्प है।









