सोशल संवाद / जमशेदपुर : जमशेदपुर के बोड़ाम थाना क्षेत्र में ज्वेलरी दुकानों में हुई चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पश्चिम बंगाल से तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी किए गए चांदी के आभूषण और अन्य सामान भी बरामद किए गए हैं।
यह भी पढ़े : RRB NTPC ने 5165 पदों पर निकाली भर्ती:12वीं पास से लेकर ग्रेजुएट्स को मौका
ग्रामीण एसपी शुभम खंडेवाला ने प्रेस वार्ता में बताया कि बोड़ाम क्षेत्र की दो ज्वेलरी दुकानों में चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस ने विशेष जांच टीम का गठन कर मामले की गहन पड़ताल शुरू की थी। जांच के क्रम में पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिनके आधार पर पश्चिम बंगाल में छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस जांच में यह सामने आया है कि आरोपी पश्चिम बंगाल से जमशेदपुर आते थे और पहले संभावित दुकानों की रेकी करते थे। इसके बाद मौका मिलने पर चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते थे। पुलिस का मानना है कि यह गिरोह काफी सुनियोजित तरीके से काम करता था और लंबे समय से इस तरह की घटनाओं में शामिल हो सकता है।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए चांदी के सामान बरामद किए हैं। बरामद सामान की पहचान कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह में और कितने सदस्य शामिल हैं तथा इन लोगों ने इससे पहले जिले या आसपास के क्षेत्रों में कितनी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है।
ग्रामीण एसपी शुभम खंडेवाला ने कहा कि मामले में पूछताछ जारी है और जांच के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए पूरे गिरोह का पर्दाफाश करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस की इस सफलता से क्षेत्र के व्यवसायियों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।









