सोशल संवाद / डेस्क : इंडिगो की एक उड़ान में बम होने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, लखनऊ से दिल्ली जाने वाली इंडिगो फ्लाइट के टॉयलेट में एक संदिग्ध नोट मिला, जिसमें बम होने की बात लिखी थी। नोट मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं और विमान को उड़ान भरने से पहले रोक दिया गया।
यह भी पढे : RIMS ट्रॉमा सेंटर की व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल, अधिवक्ता की मौत के बाद जांच की मांग तेज
सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया
सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और विमान को जांच के लिए आइसोलेशन बे में ले जाया गया। इसके बाद बम निरोधक दस्ते और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की गहन तलाशी ली।
टॉयलेट में मिला था संदिग्ध नोट
रिपोर्ट्स के मुताबिक विमान के शौचालय में एक हस्तलिखित नोट मिला था, जिसके बाद सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया। अधिकारियों ने किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की और विमान की पूरी जांच शुरू कर दी।
जांच में जुटीं एजेंसियां
घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां नोट लिखने वाले व्यक्ति की पहचान करने और पूरे मामले की जांच में जुट गई हैं। फिलहाल यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित कर ली गई है।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
हाल के महीनों में भारतीय विमानों में बम की झूठी धमकियों के कई मामले सामने आए हैं। हालांकि अधिकांश मामलों में जांच के बाद धमकियां फर्जी पाई गईं, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर हर बार सख्त प्रोटोकॉल का पालन किया जाता है।









