सोशल संवाद/डेस्क: दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। धमकी भरे ईमेल में एलजी के साथ-साथ प्रधानमंत्री Narendra Modi, गृह मंत्री Amit Shah, विदेश मंत्री S. Jaishankar, मुख्यमंत्री Rekha Gupta और मंत्री Manjinder Singh Sirsa सहित कई प्रमुख नेताओं का जिक्र किया गया है। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं और मामले की जांच शुरू कर दी गई।
यह भी पढ़ें: पश्चिम-एशिया संकट पर मोदी बोले- होर्मुज का रास्ता रोकना नामंजूर:नागरिक-एनर्जी ठिकानों पर हमले का विरोध किया
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह दो अलग-अलग ईमेल भेजे गए। पहला ईमेल सुबह 7:28 बजे विधानसभा के आधिकारिक मेल आईडी पर आया, जबकि दूसरा 7:49 बजे स्पीकर को भेजा गया। यह धमकी ऐसे समय पर दी गई जब मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा बजट पेश किया जाना था, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए डिप्टी स्पीकर Mohan Singh Bisht ने कहा कि ऐसी धमकियों को हल्के में नहीं लिया जा सकता। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विधानसभा सत्र पहले की तरह जारी रहेगा और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
धमकी के बाद विधानसभा परिसर में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, परिसर की गहन जांच के लिए स्निफर डॉग स्क्वॉड को तैनात किया गया है। साथ ही पुलिस और अन्य जांच एजेंसियां ईमेल भेजने वालों की पहचान करने में जुटी हैं।
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत पारंपरिक ‘खीर समारोह’ के साथ हुई थी, जिसमें मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘विकसित दिल्ली, हरित दिल्ली’ का विजन पेश किया था। फिलहाल, इस धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ जांच में जुटी हुई हैं।









