सोशल संवाद/डेस्क: कोलकाता से शिलांग जाने वाली इंडिगो की एक उड़ान को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद शनिवार को हड़कंप मच गया। घटना नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर हुई, जहां सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत एहतियाती कदम उठाए।

यह भी पढ़ें: महाशिवरात्रि 2026: पहाड़ी मंदिर से निकलेगी भव्य शिव बारात, सीएम करेंगे शुभारंभ
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, फ्लाइट संख्या 6E-7304 के यात्रियों के बोर्डिंग से पहले ही धमकी की सूचना मिली। इसके बाद विमान को तत्काल अन्य उड़ानों से अलग निर्धारित क्षेत्र में ले जाकर सुरक्षा जांच शुरू की गई।
बताया गया कि विमान के टॉयलेट में चालक दल के एक सदस्य को हाथ से लिखा एक नोट मिला, जिसमें उड़ान को बम से उड़ाने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू कर दिए गए और विमान की गहन तलाशी शुरू कर दी गई।
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल जांच के दौरान किसी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है। विमान को ‘आइसोलेशन बे’ में रखा गया है, जहां मानक प्रक्रिया के तहत हर पहलू की जांच की जा रही है। घटना के बाद एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और मामले की जांच जारी है।










