सोशल संवाद / बड़बिल (रिपोर्ट: संजय सिन्हा) : बड़बिल थाना क्षेत्र अंतर्गत एसडीपीओ कार्यालय के पास स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में सोमवार को दिनदहाड़े बड़ी डकैती की घटना सामने आई है।

यह भी पढ़े : साकची आम बागान होगा अतिक्रमण मुक्त, टाटा स्टील ने DC को लिखा लेटर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 2 बजे 5 से 6 हथियारबंद बदमाश अचानक बैंक के अंदर दाखिल हुए। लुटेरों ने गन प्वाइंट पर बैंक कर्मियों और ग्राहकों को डराया और सभी को एक कमरे में बंद कर दिया।
डकैत बैंक से 5 करोड़ रुपये से अधिक के सोने के गहने और करीब 8 लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। इतना ही नहीं, बदमाश अपने साथ बैंक का CCTV DVR भी ले गए, ताकि उनकी पहचान से जुड़े कोई सबूत न बचें। इस पूरे मामले की पुष्टि बैंक के ब्रांच मैनेजर पंकज कुमार ने की है।
बिना सुरक्षा गार्ड के चल रहा था बैंक
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि बैंक में कोई सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं था। न हथियारबंद गार्ड और न ही पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था मौजूद थी। इस घटना ने बैंक प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही बड़बिल थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।
बड़ा सवाल
दिनदहाड़े बैंक लूट, बिना सुरक्षा गार्ड और करोड़ों की चोरी—क्या यह बैंक प्रबंधन की गंभीर लापरवाही नहीं है? और जब बैंक ही सुरक्षित नहीं, तो ग्राहक अपनी मेहनत की कमाई पर कैसे भरोसा करें? फिलहाल मामले की पुलिस जांच जारी है।










