सोशल संवाद/डेस्क: आगामी छठ महापर्व–2026 की तैयारियों एवं श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इंद्रप्रस्थ छठ पूजा महासंघ फाउंडेशन एवं विभिन्न छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली भाजपा के पूर्वांचल मोरचा अध्यक्ष श्री संतोष ओझा के नेतृत्व में दिल्ली सरकार में मंत्री श्री कपिल मिश्रा एवं दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) के सदस्य एवं वरिष्ठ भाजपा नेता श्री राजीव बब्बर और डीडीए के उपाध्यक्ष श्री एन. सरवन कुमार से भेंट कर विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
इस मौके पर मोर्चा अध्यक्ष श्री संतोष ओझा के साथ श्री संजय तिवारी, श्री जगदम्बा सिंह, श्री माधव प्रसाद, श्री सुजीत ठाकुर, श्री अनुपम पांडे, श्रीमती सोनिया सिन्हा, श्री अभय सिंह, श्रीमती सुमन शर्मा आदि मौजूद थे।
श्री संतोष ओझा ने मंत्री श्री कपिल मिश्रा एवं डी.डी.ए. उपाध्यक्ष से मिलने के बाद कहा की हमें मुख्य मंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार एवं डी.डी.ए. ने इस वर्ष सर्वोत्तम छठ पूजा व्यवस्था करवाने को आश्वस्त किया तो वहीं दिल्ली भाजपा अध्यक्ष श्री हर्ष मल्होत्रा के नेतृत्व में हम पूर्वांचल मोर्चा कार्यकर्ता छठ व्रतियों की हर सम्भव सेवा करेंगे।
प्रतिनिधिमंडल ने छठ पूजा स्थलों पर निःशुल्क अनुमति, पर्याप्त भूमि आवंटन, आयोजन के लिए पर्याप्त समयावधि, नोडल अधिकारी की नियुक्ति, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा, शौचालय, चिकित्सा सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक नागरिक व्यवस्थाओं सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। डीडीए के उपाध्यक्ष ने सभी मांगों पर सकारात्मक एवं सहानुभूतिपूर्वक विचार करने तथा छठ महापर्व के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
इसी क्रम में विश्व हिंदू परिषद के प्रांत अध्यक्ष एवं इंद्रप्रस्थ छठ पूजा महासंघ फाउंडेशन के संरक्षक श्री कपिल खन्ना के नेतृत्व में छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली सचिवालय में दिल्ली सरकार के कला एवं संस्कृति मंत्री श्री कपिल मिश्रा से भी भेंट कर विभिन्न समितियों की ओर से सुझाव एवं मांग-पत्र सौंपा। प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों के घाटों की व्यवस्था, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा, पेयजल, चिकित्सा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विषय मंत्री के समक्ष रखे।
माननीय मंत्री श्री कपिल मिश्रा ने सभी सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए आश्वस्त किया कि माननीय मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार इस वर्ष छठ महापर्व को गत वर्ष की तुलना में और अधिक दिव्य, भव्य, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धामय स्वरूप में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेगी।
छठ महापर्व हमारी आस्था, संस्कृति, लोक परंपरा और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। सभी श्रद्धालु माताओं, बहनों एवं व्रतियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना हम सभी का सामूहिक संकल्प है और इसी उद्देश्य से दिल्ली सरकार, डीडीए तथा छठ पूजा समितियां समन्वय के साथ कार्य कर रही हैं।









