सोशल संवाद / चक्रधरपुर : Chakradharpur के प्रखंड कार्यालय परिसर में बुधवार को बाल अधिकार सुरक्षा मंच के बैनर तले एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। धरना में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष शामिल हुए और बच्चों के शिक्षा अधिकार से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ आवाज उठाई।

यह भी पढे : पूर्व विधायक माधव लाल सिंह का निधन, सरयू राय बोले- “उनके जाने से एक युग का अंत”

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि Bal Adhikar Suraksha Manch द्वारा लंबे समय से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में बेहतर शिक्षा व्यवस्था, शिक्षकों की नियुक्ति और मूलभूत सुविधाओं की मांग की जा रही है। वक्ताओं ने शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) की धारा 19 का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने की मांग की।
धरना को संबोधित करते हुए मंच के नेताओं ने कहा कि कई सरकारी विद्यालय आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। स्कूलों में पर्याप्त शिक्षक नहीं हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि छात्र संख्या के अनुरूप शिक्षकों की नियुक्ति की जाए और सभी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाए।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग की कि स्कूलों में पेयजल, शौचालय, बिजली, पुस्तकालय और बैठने की समुचित व्यवस्था जल्द सुनिश्चित की जाए। उनका कहना था कि ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों के बच्चे आज भी बेहतर शिक्षा सुविधाओं से वंचित हैं।
धरना प्रदर्शन के बाद मंच के एक प्रतिनिधिमंडल ने Shruti Raj Lakshmi को 20 सूत्री मांग पत्र सौंपा और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान मंच के अध्यक्ष विजय सिंह समाद, नगर अध्यक्ष कालिया जमूदा, जिला अध्यक्ष हरिन तमसोय, कार्यकारिणी अध्यक्ष दिनेश चंद्र बोईपाई समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।











