सोशल संवाद / डेस्क : कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक सौरव दास को दिल्ली एयरपोर्ट पर लंदन जाने वाली फ्लाइट में सवार होने से रोक दिया गया। उनके पासपोर्ट और अन्य दस्तावेजों में जन्मस्थान से जुड़ी कथित विसंगतियां सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई। चेन्नई स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (RPO) ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर जवाब मांगा है। जब तक मामले का निपटारा नहीं होता, तब तक वह इस पासपोर्ट पर विदेश यात्रा नहीं कर सकेंगे।
यह भी पढे : यूपी में कांग्रेस ने 125 सीटें मांगी,सपा 26 पर तैयार:इमरान बोले-भीख नहीं मांग रहे
पासपोर्ट में क्या मिली गड़बड़ी?
सरकारी सूत्रों के अनुसार, सौरव दास के आधार कार्ड, पासपोर्ट और जन्म प्रमाण पत्र में जन्म से जुड़ी जानकारियों में अंतर पाया गया है। उनके पासपोर्ट में जन्मस्थान चेन्नई दर्ज है, जबकि बताया गया है कि उनका जन्म दिल्ली में हुआ था।
इसके अलावा अलग-अलग दस्तावेजों में जन्मतिथि और पिता के नाम को लेकर भी विसंगतियां सामने आने की बात कही गई है। इन जानकारियों के बाद चेन्नई के क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने उनके दस्तावेजों का दोबारा सत्यापन शुरू किया है।
7 दिनों में देना होगा जवाब
सौरव दास को 23 नवंबर की शाम ईमेल के माध्यम से कारण बताओ नोटिस भेजा गया। इसमें उनसे जन्मस्थान से संबंधित कथित गलत जानकारियों और तथ्यों को स्पष्ट करने के लिए सात दिनों का समय दिया गया है।
नोटिस में सहायक दस्तावेजों के साथ जवाब देने को कहा गया है। साथ ही पासपोर्ट अधिनियम, 1967 की धारा 10 के तहत पासपोर्ट जब्त करने की कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। मामले का निपटारा होने तक उन्हें पासपोर्ट का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी गई है।
ऑक्सफोर्ड में कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे सौरव
सौरव दास 23 नवंबर की रात दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लंदन जाने वाले थे। उन्हें ब्रिटेन में कई कार्यक्रमों में शामिल होना था। इनमें 1 दिसंबर को ऑक्सफोर्ड यूनियन की ओर से आयोजित पैनल चर्चा भी शामिल थी।
इसके अलावा उन्होंने कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय, लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स (LSE) और एडिनबर्ग विश्वविद्यालय में भी कार्यक्रमों के निमंत्रण मिलने की बात कही थी। हालांकि, पासपोर्ट से जुड़ी परेशानी के कारण वह निर्धारित यात्रा नहीं कर सके।
सौरव दास ने सरकार पर लगाए आरोप
एयरपोर्ट पर रोके जाने के बाद सौरव दास ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस कार्रवाई पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि 2019 में पुलिस सत्यापन के बाद उन्हें पासपोर्ट जारी किया गया था और इसके बाद उन्होंने कई बार विदेश यात्राएं भी की थीं। ऐसे में उड़ान से कुछ घंटे पहले पासपोर्ट से जुड़ी विसंगतियों का नोटिस जारी होने पर उन्होंने सवाल उठाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी राजनीतिक गतिविधियों के कारण उन्हें विदेश जाने से रोका जा रहा है। हालांकि, अधिकारियों की ओर से इस कार्रवाई का कारण पासपोर्ट दस्तावेजों में कथित विसंगतियों को बताया गया है।
दिल्ली हाईकोर्ट पहुंचे सौरव दास
इस मामले में 25 नवंबर को सौरव दास ने दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया। उन्होंने एयरपोर्ट पर यात्रा से रोके जाने की कार्रवाई को चुनौती दी। उनके वकील ने तत्काल सुनवाई की मांग की, लेकिन अदालत ने उसी दिन सुनवाई से इनकार करते हुए मामले को 26 नवंबर को सुनवाई के लिए रखने की बात कही।
अब इस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट की सुनवाई और क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय को दिए जाने वाले जवाब पर नजर रहेगी।











