सोशल संवाद / जमशेदपुर: NTTF (आर.डी. टाटा टेक्निकल एजुकेशन सेंटर), गोलमुरी और टाटा स्टील फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में नए बैच के विद्यार्थियों के लिए आयोजित 10 दिवसीय ‘Rope-In’ प्रशिक्षण कार्यक्रम का शनिवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। संस्थान के सभागार में आयोजित समापन समारोह में विद्यार्थियों ने योग, समूह पीटी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपने व्यक्तित्व, अनुशासन और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया।
यह भी पढे : मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत जून 2026 की राशि महिलाओं के खातों में ट्रांसफर
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि टाटा स्टील फाउंडेशन के ब्रिज किशोर सिंह, संस्थान की प्राचार्य प्रीता जॉन तथा उप-प्राचार्य पल्लवी चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने स्वागत गीत और प्रेरणादायक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से अतिथियों का स्वागत किया।
उप-प्राचार्य पल्लवी चौधरी ने स्वागत भाषण में बताया कि Rope-In कार्यक्रम का उद्देश्य केवल नए विद्यार्थियों का संस्थान में प्रवेश कराना नहीं, बल्कि उन्हें अनुशासन, समय प्रबंधन, नेतृत्व क्षमता, टीम वर्क और संस्थान की कार्य संस्कृति से परिचित कराना है। उन्होंने कहा कि 10 दिनों के प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को योग, शारीरिक प्रशिक्षण, व्यक्तित्व विकास, संचार कौशल, समय प्रबंधन, मेमोरी तकनीक, टीम बिल्डिंग और विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से समग्र विकास का अवसर दिया गया।
मुख्य अतिथि ब्रिज किशोर सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “टीम भावना और समय की प्रतिबद्धता सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।” उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में सफलता केवल व्यक्तिगत प्रतिभा से नहीं, बल्कि अनुशासन, सहयोग और निरंतर सीखने की इच्छा से मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने और तकनीकी शिक्षा के साथ व्यक्तित्व विकास पर भी ध्यान देने की सलाह दी।
प्राचार्य प्रीता जॉन ने कहा कि एनटीटीएफ का उद्देश्य केवल तकनीकी शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कुशल, अनुशासित और जिम्मेदार तकनीशियन तैयार करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए मूल्यों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
प्रतियोगिताओं के विजेता
सर्वश्रेष्ठ दैनिक डायरी
- बैच-1: रीमा कर्मकार
- बैच-2: आर्या श्रीवास्तव
कोलाज प्रतियोगिता
- बैच-1: राज नंदिनी एवं सपना सिंह
- बैच-2: अवनीत संधू
सर्वश्रेष्ठ योग: राज नंदिनी
सर्वश्रेष्ठ व्यायाम: प्रिंस तिवारी
सर्वश्रेष्ठ अनुशासन
- बालक वर्ग: करणदीप सिंह
- बालिका वर्ग: साई पद्मा नंदा
समारोह के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत योग और समूह पीटी विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। उनके अनुशासन, तालमेल और आत्मविश्वास ने उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों और शिक्षकों की खूब सराहना बटोरी।
कार्यक्रम के अंत में उप-प्राचार्य पल्लवी चौधरी ने मुख्य अतिथि, अभिभावकों, शिक्षकों, प्रशिक्षकों और सहयोगी कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से यह 10 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में मृण्मय कुमार महतो, ज्योति कुमार ठाकुर सहित संस्थान के सभी शिक्षकों और कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।










