सोशल संवाद / डेस्क : राजधानी रांची में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। अगस्त महीने में बिना हेलमेट और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 45,724 वाहनों के चालान काटे गए। बड़ी संख्या में चालान कटने के बाद वाहन चालकों में हड़कंप मचा हुआ है।
यह भी पढ़े : झारखंड के 6,722 बूथों पर एक भी नया वोटर नहीं जुड़ा, रांची की स्थिति सबसे खराब; CEO ने जताई नाराजगी
ट्रैफिक पुलिस लगातार शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त सड़कों पर जांच अभियान चला रही है। इस दौरान खास तौर पर दोपहिया वाहन चालकों पर नजर रखी जा रही है। बिना हेलमेट बाइक या स्कूटी चलाने वालों को रोककर कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि हेलमेट केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में जान बचाने के लिए बेहद जरूरी है। दोपहिया वाहन चालकों से लगातार अपील की जा रही है कि वे वाहन चलाते समय ISI मार्क वाला हेलमेट पहनें और यातायात नियमों का पालन करें।
अगस्त में 45 हजार से ज्यादा वाहनों पर कार्रवाई यह बताती है कि शहर में ट्रैफिक नियमों को लेकर पुलिस अब किसी तरह की लापरवाही के मूड में नहीं है। बिना हेलमेट के अलावा तेज रफ्तार, गलत दिशा में वाहन चलाना, सिग्नल तोड़ना और अन्य नियमों के उल्लंघन पर भी कार्रवाई की जा रही है।
ट्रैफिक पुलिस की ओर से लोगों से अपील की गई है कि वे सड़क पर निकलते समय सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखें और यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस का कहना है कि नियमों का पालन करने से न केवल चालान से बचा जा सकता है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं को भी कम किया जा सकता है।









