सोशल संवाद/डेस्क: सर्दियों से पहले अरब सागर में उठे सीजन के पहले Cyclone ‘Shakti’ ने चिंता बढ़ा दी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी और गुजरात के कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है।

यह भी पढ़ें: बिष्टुपुर गोपाल मैदान में स्वदेशी मेला 8-16 अक्टूबर तक, भूमि पूजन सम्पन्न
मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवात ‘शक्ति’ अभी तेजी से महाराष्ट्र की तरफ बढ़ रहा है और अगले 24 घंटों में इसके और प्रचंड होने की संभावना है। तूफान गुजरात के द्वारका तट से लगभग 250 किलोमीटर की दूरी पर टकरा सकता है, लेकिन इससे पहले यह मुंबई, पालघर और कोंकण तट पर भारी तबाही मचा सकता है।
बीते दिन रात 11:30 बजे के आसपास यह चक्रवात नालिया से 270 किलोमीटर और पोरबंदर से 300 किलोमीटर की दूरी पर था। IMD का कहना है कि अगले 48 घंटों में हवाओं की रफ्तार 45 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जो तटीय इलाकों के लिए खतरनाक हो सकती है।
मौसम वैज्ञानिक अभिजीत मोदक के अनुसार, 4 से 6 अक्टूबर के बीच सौराष्ट्र, कच्छ और महाराष्ट्र में भारी बारिश की संभावना है। गुजरात और महाराष्ट्र के तटीय इलाकों में मछुआरों को समुद्र से दूर रहने का निर्देश जारी किया गया है। वहीं पर्यटकों को भी समुद्र किनारे न जाने की एडवाइजरी दी गई है।
IMD ने चेतावनी दी है कि ‘शक्ति’ के असर से मुंबई और आसपास के इलाकों में समुद्री लहरें ऊंची उठेंगी और कई जगह जलभराव की स्थिति बन सकती है। राज्य सरकारें अलर्ट मोड पर हैं और NDRF की टीमें तटीय जिलों में तैनात की जा चुकी हैं।










