सोशल संवाद/डेस्क: चक्रधरपुर में सामाजिक सौहार्द, शांति व्यवस्था और पुलिस-जन सहयोग को मजबूत बनाने को लेकर अंजुमन इस्लामिया चक्रधरपुर के प्रतिनिधिमंडल ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) से शिष्टाचार मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संस्था के उपाध्यक्ष हाजी एकराम हुसैन ने किया, जहां विभिन्न सामाजिक और सुरक्षा संबंधी मुद्दों को लेकर मांग पत्र भी सौंपा गया।

यह भी पढ़ें: AYUSH सेवाओं को मजबूत करने पर जोर, ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के निर्देश
प्रतिनिधिमंडल में संस्था के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। मुलाकात के दौरान क्षेत्र में आपसी भाईचारा बनाए रखने, पर्व-त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था मजबूत करने और पुलिस एवं आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई।
अंजुमन इस्लामिया की ओर से कहा गया कि चक्रधरपुर हमेशा से सामाजिक सद्भाव और गंगा-जमुनी तहजीब का प्रतीक रहा है। संस्था ने प्रशासन और पुलिस द्वारा आयोजित शांति समिति बैठकों की सराहना करते हुए इसे और प्रभावी बनाने की मांग की।
इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई, युवाओं के बीच जागरूकता अभियान चलाने, महिला सुरक्षा बढ़ाने, संवेदनशील इलाकों में गश्त तेज करने और पुलिस-जन संवाद को मजबूत करने जैसे मुद्दे भी उठाए।
वहीं SDPO ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए क्षेत्र में शांति, कानून व्यवस्था और सामाजिक समन्वय बनाए रखने के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। अंत में संस्था की ओर से प्रशासन और पुलिस विभाग को हर सकारात्मक कार्य में सहयोग देने की प्रतिबद्धता भी दोहराई गई।









