सोशल संवाद / नई दिल्ली: NEET पेपर लीक और छात्र आंदोलन को लेकर दिल्ली भाजपा ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा और दिल्ली सरकार के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि छात्र राजनीति में हिंसा और राजनीतिक हस्तक्षेप की कोई जगह नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष छात्र आंदोलन को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहा है।
यह भी पढ़े : राहुल बोले-पुलिसवालों ने मेरे कान में कहा सरकार को हटाइए:मुझे घसीटा तो मुंह से खून आया
प्रधानमंत्री के फैसले का किया स्वागत
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेपर लीक मामलों की सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट की घोषणा स्वागत योग्य कदम है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए सख्त कार्रवाई कर रही है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
विपक्ष पर लगाए गंभीर आरोप
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि लगातार चुनावी हार से निराश विपक्षी दल छात्र आंदोलन को अपने राजनीतिक हितों के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दल पर्दे के पीछे से आंदोलन को प्रभावित कर हिंसा फैलाने और छात्रों के आंदोलन को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल और अन्य विपक्षी नेताओं से सवाल करते हुए कहा कि संसद और प्रधानमंत्री आवास की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर जवाब देने के बजाय वे अब छात्र आंदोलन के नाम पर राजनीति कर रहे हैं।
“NEET री-एग्जाम सफलतापूर्वक हो चुका”
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि जिस मुद्दे को लेकर आंदोलन शुरू हुआ था, उस NEET परीक्षा का री-एग्जाम सफलतापूर्वक आयोजित हो चुका है और परिणाम भी जारी हो चुका है। ऐसे में अब आंदोलन को राजनीतिक दिशा देने की कोशिश की जा रही है।
छात्र राजनीति से निकले कई BJP नेता
उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा छात्र राजनीति से जुड़े नेताओं को आगे बढ़ाने में विश्वास रखती है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, जिनमें मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, शिक्षा मंत्री आशीष सूद और अन्य नेता शामिल हैं, छात्र राजनीति से निकलकर आज महत्वपूर्ण संवैधानिक और प्रशासनिक पदों तक पहुंचे हैं।
कांग्रेस और AAP सरकारों के दौर के पेपर लीक का उठाया मुद्दा
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा ने कांग्रेस सरकार (2004-2014) के दौरान हुए विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक मामलों का उल्लेख किया। साथ ही पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार के दौरान हुई फार्मासिस्ट परीक्षा के कथित पेपर लीक का भी जिक्र करते हुए विपक्ष से जवाब मांगा।
शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने छात्रों से की अपील
दिल्ली सरकार के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि वे स्वयं छात्र राजनीति से जुड़े रहे हैं और छात्रों की भावनाओं को अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों का गुस्सा जायज है, लेकिन उन्हें अपने आंदोलन को राजनीतिक दलों द्वारा हाईजैक नहीं होने देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट कर दिया है कि युवाओं का भविष्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
शिक्षा व्यवस्था में सुधार पर सरकार का जोर
आशीष सूद ने कहा कि सरकार केवल अस्थायी समाधान नहीं बल्कि शिक्षा प्रणाली में स्थायी सुधार पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि राधाकृष्णन समिति की सिफारिशों से लेकर फास्ट ट्रैक कोर्ट तक कई बड़े फैसले इसी दिशा में उठाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि NEET री-एग्जाम को पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से कराने के लिए दिल्ली सरकार ने विशेष व्यवस्थाएं की थीं, ताकि छात्रों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
“युवाओं के भविष्य के साथ सरकार खड़ी है”
आशीष सूद ने कहा कि केंद्र सरकार हर उस छात्र के साथ खड़ी है जो अपने करियर और सपनों को पूरा करने के लिए मेहनत कर रहा है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे अपने आंदोलन को राजनीतिक मंच न बनने दें और केवल शिक्षा एवं अपने भविष्य से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित रहें।









