सोशल संवाद /नई दिल्ली: स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली में देशभक्ति का शानदार नजारा देखने को मिला। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत इंडिया गेट से कर्तव्य पथ तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा और ‘वंदे मातरम्’ के नारों के साथ हजारों लोग इस यात्रा में शामिल हुए।
यह भी पढे : गोविंदपुर में सड़क सुरक्षा को लेकर सर्वदलीय बैठक, DDC और ट्रैफिक DSP को सौंपा मांग पत्र
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा भी शामिल हुए। दिल्ली सरकार के कई मंत्री, युवा और बड़ी संख्या में नागरिक भी यात्रा का हिस्सा बने।
छात्रों और युवाओं ने बढ़ाया उत्साह
तिरंगा यात्रा में स्कूली और कॉलेज के छात्रों के साथ NCC कैडेट्स और NSS स्वयंसेवकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लिए युवाओं का उत्साह पूरे रास्ते देखने को मिला।
यात्रा इंडिया गेट से शुरू होकर रफी मार्ग होते हुए कर्तव्य पथ तक पहुंची। इस दौरान ‘वंदे मातरम्’ के उद्घोष से पूरा इलाका राष्ट्रभक्ति के रंग में नजर आया।
‘हर घर तिरंगा’ से जुड़ने की अपील
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अब जनभागीदारी का मजबूत अभियान बन चुका है। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराने और देश की एकता व अखंडता को मजबूत करने के संकल्प के साथ अभियान से जुड़ने की अपील की।
स्वतंत्रता दिवस पर बड़े संकल्प लेने का संदेश
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि 15 अगस्त सिर्फ आजादी का जश्न मनाने का दिन नहीं, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों को याद करने और देश की उपलब्धियों पर गर्व करने का अवसर भी है।
उन्होंने कहा कि भारत ने आजादी के बाद विज्ञान, तकनीक, शिक्षा, अर्थव्यवस्था और विकास के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने और स्वतंत्रता दिवस को पूरे उत्साह के साथ मनाने की अपील की।









