Responsive Full Width Slider

कोल्हान विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सुधार की मांग, मानवाधिकार संघ ने कुलाधिपति को सौंपा सात सूत्री ज्ञापन

By Sanjana Das

Published :

Follow
कोल्हान विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सुधार की मांग, मानवाधिकार संघ ने कुलाधिपति को सौंपा सात सूत्री ज्ञापन

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद /जमशेदपुर: झारखंड मानवाधिकार संघ (जेएचआरए) ने कोल्हान विश्वविद्यालय एवं इसके अधीन संचालित महाविद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था, छात्र सुविधाओं और प्रशासनिक पारदर्शिता में सुधार की मांग को लेकर राज्यपाल सह कुलाधिपति को सात सूत्री ज्ञापन सौंपा। संघ के अध्यक्ष दिनेश कुमार शर्मा (किनू) के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में छात्रहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई।

यह भी पढे : Delhi Private Universities: दिल्ली में खुलेंगे निजी विश्वविद्यालय, छात्रों के लिए 25% सीटें आरक्षित; कैबिनेट ने दी मंजूरी

ज्ञापन में कहा गया है कि विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न कॉलेजों में संचालित जन सुविधा केंद्रों में फोटोस्टेट, फॉर्म बिक्री, चालान और नामांकन शुल्क जैसी सेवाओं के लिए अलग-अलग दरें ली जा रही हैं। संघ ने सभी महाविद्यालयों में एक समान एवं किफायती शुल्क लागू करने की मांग की है।

संघ ने मानगो एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज में पूर्व की भांति कला, विज्ञान और वाणिज्य संकायों की नियमित पढ़ाई पुनः शुरू कराने की मांग भी उठाई है। साथ ही कॉलेज में पहले संचालित एमबीए, बीबीए और बीसीए जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रमों को फिर से शुरू करने का आग्रह किया गया है।

ज्ञापन में यह भी मांग की गई है कि अंगीभूत महाविद्यालयों में पांच वर्ष से अधिक समय से कार्यरत शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों का नियमानुसार स्थानांतरण किया जाए। विश्वविद्यालय मुख्यालय में तीन वर्ष से अधिक समय से प्रतिनियुक्त शिक्षकों और कर्मचारियों को उनके मूल महाविद्यालयों में वापस भेजकर रिक्त पदों पर नई नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने की भी मांग रखी गई।

संघ ने विश्वविद्यालय मुख्यालय में कार्यरत शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लिए परिसर में आवासीय सुविधा सुनिश्चित करने तथा विश्वविद्यालय की एंबुलेंस एवं अन्य सरकारी वाहनों का उपयोग केवल निर्धारित उद्देश्य के लिए करने की मांग भी की है। इसके अलावा, जमशेदपुर स्थित विश्वविद्यालय के शाखा कार्यालय को नियमित रूप से संचालित करने और उसे अधिक प्रशासनिक अधिकार देने की मांग की गई है, ताकि विद्यार्थियों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार चाईबासा नहीं जाना पड़े। इससे छात्रों के समय और आर्थिक संसाधनों की बचत होगी।
झारखंड मानवाधिकार संघ ने विश्वविद्यालय प्रशासन से छात्रों के भविष्य, शैक्षणिक गुणवत्ता और प्रशासनिक पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए सभी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया है। ज्ञापन सौंपने के दौरान संघ के केंद्रीय अध्यक्ष दिनेश कुमार शर्मा (किनू) के साथ रंजीत सिंह और रामकुमार महतो भी उपस्थित थे।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---

संबंधित पोस्ट