सोशल संवाद/डेस्क: देशभर में गौ संरक्षण और गौ सम्मान को लेकर अब एक बड़ा जनआंदोलन शुरू होने जा रहा है। इसी अभियान के तहत 27 अप्रैल को जमशेदपुर के धालभूम अनुमंडल कार्यालय में गौ भक्तों का विशाल जुटान होगा। इस पहल का उद्देश्य गौ रक्षा को लेकर सख्त कानून बनाने और गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने की मांग को मजबूत करना है।
यह भी पढ़ें: चाईबासा में नो एंट्री की मांग तेज, सड़क हादसों और जाम के खिलाफ शहरवासियों की पदयात्रा
अभियान से जुड़े लोगों का कहना है कि यह सिर्फ एक स्थानीय कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर चलाया जा रहा जनजागरण अभियान है। देश के अलग-अलग हिस्सों में एक साथ गौ भक्त प्रशासनिक कार्यालयों पर पहुंचकर सरकार तक अपनी मांग पहुंचाएंगे। आयोजकों के मुताबिक भारतीय संस्कृति में गौ माता का विशेष स्थान रहा है, लेकिन आज गौ तस्करी और गौवंश पर हो रहे अत्याचार चिंता का विषय बन चुके हैं। ऐसे में समाज को एकजुट होकर गौ संरक्षण के लिए आवाज उठाने की जरूरत है।
जमशेदपुर में होने वाले इस कार्यक्रम में सामाजिक संगठनों, धार्मिक संस्थाओं और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम के दौरान प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर गौ रक्षा कानून लागू करने की मांग उठाई जाएगी। अभियान से जुड़े लोगों ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस मुहिम को मजबूत बनाने की अपील की है। उनका मानना है कि जनसमर्थन जितना बड़ा होगा, गौ संरक्षण को लेकर सरकार पर दबाव उतना ही बढ़ेगा।









