सोशल संवाद / डेस्क : जमशेदपुर में टाउन ओपन जिम और मैदान के समय को बढ़ाने की मांग तेज हो गई है। भाजपा नेता एवं जुगसलाई नगर परिषद के पार्षद अनिल मोदी ने टाटा कंपनी प्रबंधन से आग्रह किया है कि बिष्टुपुर स्थित टाउन मैदान को रात 10 बजे तक खोला जाए, ताकि अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें।

यह भी पढे : टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन रोइंग अकादमी का नेशनल इंडोर रोइंग चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन जारी
अनिल मोदी ने बताया कि जुगसलाई एक प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र है, जहां अधिकतर लोगों का काम देर शाम तक चलता है। ऐसे में वे लोग मौजूदा समय सीमा के कारण मैदान और ओपन जिम का उपयोग नहीं कर पाते। खासकर नौकरीपेशा, व्यापारी और छात्र दिनभर की व्यस्तता के बाद शाम को ही समय निकाल पाते हैं।
उन्होंने कहा कि टाउन मैदान सिर्फ व्यायाम का स्थान नहीं, बल्कि शहरवासियों के लिए स्वास्थ्य, मानसिक शांति और सामाजिक मेल-जोल का एक महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है। यहां हर दिन बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और वरिष्ठ नागरिक योग, व्यायाम और खेल गतिविधियों में भाग लेते हैं।
मोदी ने टाटा प्रबंधन से जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए समय सीमा बढ़ाने की अपील की। उनका कहना है कि यह कदम न केवल लोगों की सुविधा बढ़ाएगा, बल्कि शहर में स्वास्थ्य जागरूकता को भी प्रोत्साहित करेगा और एक सकारात्मक पहल साबित होगा।









