सोशल संवाद / सरायकेला: जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त नितिश कुमार सिंह लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गम्हरिया और बीपीएचयू गम्हरिया का औचक निरीक्षण कर अस्पताल की व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।
यह भी पढे : चाईबासा में कांग्रेस का प्रदर्शन: पेट्रोल-डीजल और गैस की बढ़ती कीमतों के खिलाफ फूटा गुस्सा
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, दवा भंडारण व्यवस्था, वार्ड संचालन, लैब सुविधा, पेयजल, बिजली, जनरेटर और अन्य जरूरी स्वास्थ्य सेवाओं की जांच की। इस दौरान कई जगह अव्यवस्था मिलने पर उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

स्टोर रूम में अव्यवस्था और एक्सपायर दवाएं मिलने पर नाराजगी
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर और स्टोर रूम में बड़ी मात्रा में अनुपयोगी सामान एवं अव्यवस्थित सामग्री पाई गई। उपायुक्त ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए तत्काल साफ-सफाई और व्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
दवा स्टॉक रूम की जांच में एक्सपायर और जल्द एक्सपायर होने वाली दवाएं मिलने पर उपायुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी को टीम गठित कर स्टोर रूम का भौतिक सत्यापन, स्टॉक मिलान और जांच कराने का आदेश दिया। साथ ही अनुपयोगी और जर्जर सामग्रियों की सूची तैयार कर नियमानुसार नीलामी प्रक्रिया शुरू करने तथा एक्सपायर दवाओं का सुरक्षित निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।
अस्पताल में मुफ्त स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्रदर्शित करने का निर्देश
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सीएचसी और बीपीएचयू में उपलब्ध सभी नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाओं की सूची अस्पताल परिसर में प्रमुख स्थानों पर लगाई जाए। उन्होंने कहा कि मरीजों को दवा वितरण, ब्लड टेस्ट, यूरिन टेस्ट और अन्य सुविधाओं की स्पष्ट जानकारी मिलनी चाहिए। इसके लिए बड़े सूचना पट्ट और बैनर लगाने के निर्देश भी दिए गए।
ड्यूटी में लापरवाही पर सख्त चेतावनी
निरीक्षण के बाद आयोजित समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की कार्यशैली पर असंतोष जताया। उन्होंने कहा कि कई कर्मचारी रोस्टर के अनुसार समय पर ड्यूटी नहीं करते और रात्रि ड्यूटी में भी लापरवाही बरतते हैं।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी कर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अनुपस्थित कर्मियों पर कार्रवाई, ट्रांसफर प्रक्रिया शुरू
बैठक के दौरान बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली में गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित कर्मियों को शोकॉज जारी करने और एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा तीन वर्षों से अधिक समय से एक ही स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत चिकित्सकों और कर्मियों के स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया।
उपायुक्त ने डेपुटेशन पर कार्यरत कर्मचारियों को भी उनके मूल कार्यस्थल पर वापस भेजने के निर्देश दिए।
मरीजों से भी ली फीडबैक
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों से बातचीत कर अस्पताल की सुविधाओं की जानकारी ली। मरीजों ने बताया कि अस्पताल में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और किसी प्रकार की अवैध राशि की मांग नहीं की जाती।
इस मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश, सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।










