सोशल संवाद/डेस्क : नेपाल में आई भीषण बाढ़ और प्राकृतिक आपदा के बीच फंसे नागपुर के कुछ पर्यटक सुरक्षित भारत लौट आए हैं। नेपाल से लौटे पर्यटकों ने वहां के हालात को याद करते हुए अपनी आपबीती सुनाई। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा लग रहा था कि शायद वे जिंदा वापस नहीं लौट पाएंगे।
यह भी पढे : हजारीबाग में बिहार के युवक को मारी गोली, हालत गंभीर; आपसी रंजिश की आशंका
जानकारी के मुताबिक, नेपाल में नागपुर के 106 पर्यटकों का एक समूह फंस गया था। इनमें से चार लोग सुरक्षित नागपुर लौट चुके हैं। पर्यटकों ने बताया कि बाढ़ और भूस्खलन के कारण कई सड़कें और पुल क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिससे उनका आगे बढ़ना मुश्किल हो गया था।
पर्यटकों में शामिल दीपक पांडेय ने बताया कि वे करीब सात-आठ दिन तक नेपाल में सामान्य तरीके से घूम रहे थे। इसके बाद अचानक हालात बिगड़ गए। पुलिस ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया, क्योंकि रास्ते खराब हो चुके थे और कई पुल भी टूट गए थे। उन्होंने बताया कि उस समय ऐसा लग रहा था जैसे पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई हो।
एक अन्य पर्यटक ने बताया कि उनके साथ एक मरीज भी था, जिसे इमरजेंसी में वापस लाना जरूरी था। ऐसे मुश्किल समय में प्रशासन और स्थानीय लोगों ने उनकी काफी मदद की। टिकट की व्यवस्था कर उन्हें सुरक्षित वापस लाया गया।
पर्यटकों ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, स्थानीय प्रशासन और नेपाल में भारतीय राजदूत को मदद के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि मुश्किल वक्त में प्रशासन की मदद से उन्हें हिम्मत मिली और आखिरकार वे सुरक्षित घर लौट सके।









