सोशल संवाद / डेस्क : अंडा प्रोटीन का बेहतरीन स्रोत माना जाता है। यही वजह है कि कई लोग अपने रोजाना के नाश्ते में अंडे शामिल करते हैं। खासकर फिटनेस और जिम करने वाले लोग रोज 2 अंडे खाना पसंद करते हैं। लेकिन अंडे की जर्दी में मौजूद कोलेस्ट्रॉल को लेकर अक्सर लोगों के मन में सवाल रहता है कि क्या रोजाना दो अंडे खाने से बैड कोलेस्ट्रॉल (LDL) बढ़ सकता है? एक्सपर्ट्स के मुताबिक, इसका असर हर व्यक्ति पर एक जैसा नहीं होता। यह व्यक्ति की सेहत, खानपान और शरीर की मेटाबॉलिक स्थिति पर निर्भर करता है।
यह भी पढे : Best Time to Eat Fruits: क्या शाम को फल खाना नुकसानदायक है? जानें सही समय और फायदे
क्या रोज 2 अंडे खाने से बढ़ता है कोलेस्ट्रॉल?
दिल्ली के CK बिरला अस्पताल की क्लिनिकल न्यूट्रिशनिस्ट दीपाली शर्मा के मुताबिक, एक महीने तक रोजाना दो अंडे खाने से कोलेस्ट्रॉल का स्तर बढ़ना जरूरी नहीं है। अंडे में डाइटरी कोलेस्ट्रॉल जरूर होता है, लेकिन इसका सीधा असर खून में मौजूद कोलेस्ट्रॉल पर नहीं पड़ता।
शरीर का लिवर भी कोलेस्ट्रॉल का उत्पादन करता है और भोजन से मिलने वाले कोलेस्ट्रॉल के अनुसार इसके उत्पादन को कुछ हद तक नियंत्रित करता है। हालांकि, कुछ लोगों में अंडे खाने से LDL और HDL दोनों के स्तर में बदलाव हो सकता है।
अंडे की जर्दी में होता है ज्यादा कोलेस्ट्रॉल
अंडे का पीला हिस्सा यानी जर्दी कोलेस्ट्रॉल का मुख्य स्रोत होता है। दो बड़े अंडों में लगभग 370 से 400 मिलीग्राम डाइटरी कोलेस्ट्रॉल हो सकता है। वहीं, अंडे का सफेद हिस्सा प्रोटीन का अच्छा स्रोत है और इसमें कोलेस्ट्रॉल नहीं होता।
अंडे में प्रोटीन के अलावा विटामिन B12, विटामिन D, सेलेनियम और कोलीन जैसे जरूरी पोषक तत्व भी पाए जाते हैं।
अंडे किस तरह खाना ज्यादा फायदेमंद?
अंडे खाने के साथ यह भी जरूरी है कि आप उन्हें किन चीजों के साथ खा रहे हैं। अगर अंडे को ज्यादा मक्खन, सॉसेज, प्रोसेस्ड मीट या फैट वाले चीज के साथ खाते हैं, तो शरीर में सैचुरेटेड फैट की मात्रा बढ़ सकती है।
इसके बजाय अंडे को सब्जियों, साबुत अनाज और फाइबर वाले खाद्य पदार्थों के साथ खाना बेहतर विकल्प हो सकता है।
किन लोगों को अंडे खाने में सावधानी बरतनी चाहिए?
जिन लोगों का LDL कोलेस्ट्रॉल पहले से ज्यादा है, जिन्हें डायबिटीज है या जो हृदय रोग से पीड़ित हैं, उन्हें अंडे की मात्रा को लेकर सावधानी बरतनी चाहिए। ऐसे लोगों को अपनी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार डॉक्टर या डाइटिशियन से सलाह लेनी चाहिए।
अगर आप रोजाना दो अंडे खा रहे हैं और कोलेस्ट्रॉल को लेकर चिंतित हैं, तो लिपिड प्रोफाइल टेस्ट के जरिए LDL, HDL, टोटल कोलेस्ट्रॉल और ट्राइग्लिसराइड्स के स्तर की जांच कर सकते हैं।
निष्कर्ष: स्वस्थ लोगों के लिए संतुलित डाइट में अंडे शामिल करना फायदेमंद हो सकता है। हालांकि, रोजाना दो अंडे खाने का असर हर व्यक्ति पर अलग-अलग हो सकता है। इसलिए अपनी सेहत और खानपान को ध्यान में रखकर ही अंडों का सेवन करें।











