सोशल संवाद/जमशेदपुर : झारखंड सरकार के पथ निर्माण विभाग ने जमशेदपुर शहर और आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र को भारी ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए अहम कदम उठाया है. सरायकेला-खरसावां पथ प्रमंडल के तहत कांदरबेड़ा से दोमुहानी (डोबो) तक 7.99 किमी लंबी सड़क को फोरलेन किया जायेगा. परियोजना पर 67.25 करोड़ रुपये खर्च किये जाएंगे. प्रोजेक्ट का काम डेढ़ साल के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. वर्तमान में सड़क की कुल चौड़ाई मात्र 15 मीटर है और इसमें 10 मीटर का ब्लैक टॉप मौजूद है. नयी योजना के तहत गैर-वन भूमि वाले क्षेत्र में सड़क की चौड़ाई 30 मीटर और वन भूमि वाले क्षेत्र में 25 मीटर होगी.
21.498 हेक्टेयर जमीन का होगा अधिग्रहणः
योजना के तहत सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के लिए 5 मौजा की कुल 21.498 हेक्टेयर जमीन ली जायेगी. इसमें 3 मौजा की 4.975 हेक्टेयर वन भूमि और 2 मौजा की 16.523 हेक्टेयर गैर-वन भूमि शामिल है. रांची की एजेंसी रुद्रदेव प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड ने परियोजना की विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की है.
जमशेदपुर के लिए होगा बाईपास
प्रस्तावित फोरलेन सड़क जमशेदपुर शहर के लिए एक बेहतरीन बाइपास के रूप में काम करेगी. यह सड़क मुख्य रूप से एनएच-33 पर स्थित कांदरबेड़ा से शुरू होकर पुड़ीसिल्ली और रुगड़ी गांवों के बाहर से गुजरते हुए सुवर्णरेखा नदी के किनारे से डोबो गांव होते हुए सीधे सोनारी, जमशेदपुर स्थित मरीन ड्राइव से जुड़ जाती है. फोरलेन के बनने से आदित्यपुर और गम्हरिया औद्योगिक क्षेत्र की फैक्ट्रियों में जाने वाले बड़े वाहन और कच्चा माल शहर के अंदर प्रवेश किए बिना ही सीधे मरीन ड्राइव से होकर गुजर सकेंगे.









