सोशल संवाद/डेस्क : झारखंड के दुमका जिले में जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंवर के रसोइये सोनू राउत की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। हंसडीहा थाना क्षेत्र के नोनीहाट स्थित डाक बंगला परिसर के एक क्वार्टर में सोनू का शव मिला था।
यह भी पढे : 27 को पीपुल्स एकेडमी में सभी प्रधानाचार्यों की आवश्यक बैठक
मामले में मृतक के परिजनों की शिकायत पर विधायक समेत 9 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
कमरे में फंदे से लटका मिला शव
जानकारी के मुताबिक, सोनू राउत विधायक के यहां रसोइये का काम करता था। उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने कमरे को सील कर दिया है।
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
मृतक के परिजनों ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि सोनू ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या की गई और बाद में शव को फंदे से लटकाकर घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।
हालांकि, पुलिस ने अभी इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है। दुमका के एसपी पीतांबर सिंह खेरवार के मुताबिक, घटनास्थल की परिस्थितियों के आधार पर फिलहाल यह तय करना जल्दबाजी होगी कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का।
विधायक समेत 9 लोगों पर केस
मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंवर समेत कुल 9 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस सभी नामजद लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
वहीं, विधायक पक्ष ने लगाए गए आरोपों को खारिज किया है। ऐसे में अब पुलिस जांच और सामने आने वाले साक्ष्यों पर पूरे मामले की दिशा निर्भर करेगी।
पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट से खुलेगा राज
पुलिस फिलहाल हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही सोनू राउत की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
मामले में पुलिस की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।









