सोशल संवाद / जमशेदपुर: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गोलमुरी मंडल द्वारा केबुल टाउन स्थित इस्कॉन मंदिर परिसर में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत भव्य पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व मंडल अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय ने किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण, हरित भविष्य और प्रकृति संवर्धन का संकल्प लेते हुए कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित लोगों ने पौधे लगाए।
यह भी पढे : कुचाई में अवैध शराब कारोबार पर उत्पाद विभाग का बड़ा एक्शन, चार महुआ चुलाई भट्टियां ध्वस्त
कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा पूर्वी सिंहभूम जिला प्रभारी दिनेश कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू किया गया “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मातृशक्ति के सम्मान और प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी को भी दर्शाता है। उन्होंने कहा कि बढ़ते पर्यावरणीय संकट के दौर में वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है।
दिनेश कुमार ने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी माता के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प ले, तो देश को हरित और स्वच्छ बनाने में बड़ी भूमिका निभाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे न केवल शुद्ध वायु प्रदान करते हैं, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
उन्होंने भाजपा गोलमुरी मंडल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सामाजिक, पर्यावरणीय और जनहित के कार्यों में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाते रहे हैं। वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाने की आवश्यकता है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सके।
कार्यक्रम में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मिथिलेश सिंह यादव, वरिष्ठ भाजपा नेता खेमलाल चौधरी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राजेश अग्रवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इसके अलावा अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष मंजीत सिंह गिल, महामंत्री अशोक सामंता, समरेश कुमार, रंजीत गुप्ता, राकेश गिरी, हरेराम यादव, अनिल सिंह, अमरेंद्र कुमार, मनी मोहंती, डब्लू संतोष, संदीप आइच, दिलीप प्रमाणिक, रहीम, पंकज शर्मा और अमरेंद्र उपाध्याय समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण और “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ किया गया।









