सोशल संवाद / जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित आंध्र भक्त श्री राम मंदिरम् में चल रहे 57वें श्री वेंकटेश्वर स्वामी ब्रह्मोत्सवम् के छठे दिन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। सोमवार को भगवान श्री वेंकटेश्वर स्वामी (बालाजी) दिव्य हनुमंत वाहन पर विराजमान होकर नगर भ्रमण के लिए निकले। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश भी श्रद्धालुओं की आस्था को डिगा नहीं सकी।
यह भी पढे : डीएमएफ फंड का दुरूपयोग। गुवाली मे 33लाँख रू. खर्च कर बने पार्क जंगल मे तबदील।
त्रिपाल की छत्रछाया में निकली भव्य शोभायात्रा
तेज बारिश को देखते हुए भगवान बालाजी के दिव्य वाहन के ऊपर विशेष रूप से त्रिपाल की व्यवस्था की गई, ताकि विग्रह सुरक्षित रहे और श्रद्धालु निर्बाध रूप से दर्शन कर सकें। बारिश के बीच निकली यह शोभायात्रा भक्तों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुई विशेष पूजा
दिन की शुरुआत मंदिर में सुप्रभात सेवा, नित्य पूजा, अभिषेक और विशेष अर्चना के साथ हुई। वैदिक विद्वानों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए। इसके बाद भगवान का आकर्षक पुष्पों और रत्नाभूषणों से मनमोहक श्रृंगार किया गया।
सायंकाल तिरुवीथि उत्सवम् के अंतर्गत भगवान श्री वेंकटेश्वर स्वामी को हनुमंत वाहन पर विराजमान कर नगर भ्रमण के लिए रवाना किया गया।
शास्त्री नगर और कदमा में हुआ भव्य स्वागत
शोभायात्रा आंध्र भक्त श्री राम मंदिरम्, बिष्टुपुर से शुरू होकर शास्त्री नगर वैकुण्ठधाम और कदमा एडीएल सोसायटी पहुंची। दोनों स्थानों पर श्रद्धालुओं ने भगवान की पूजा-अर्चना, आरती और पुष्पांजलि अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और विश्व शांति की कामना की।
मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान बालाजी का भव्य स्वागत किया। “गोविंदा… गोविंदा”, “वेंकटेश्वर स्वामी की जय” और “गोविंदा हरि गोपाल हरि” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
बारिश के बीच भी उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
लगातार हो रही बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु छाते और वर्षा से बचाव के अन्य साधनों के साथ मार्ग पर डटे रहे। मंदिर समिति के स्वयंसेवकों ने पूरे आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। त्रिपाल से ढके हनुमंत वाहन पर भगवान बालाजी के दिव्य दर्शन श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय पल बन गए।
1 जुलाई को होगा भव्य रथोत्सव
मंदिर प्रबंधन समिति के अनुसार, ब्रह्मोत्सवम् के दौरान प्रतिदिन भगवान श्री वेंकटेश्वर स्वामी अलग-अलग दिव्य वाहनों पर भक्तों को दर्शन दे रहे हैं।
1 जुलाई को सुबह 8 बजे भगवान श्री वेंकटेश्वर स्वामी का भव्य रथोत्सव (रथयात्रा) मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर बिष्टुपुर पोस्टल पार्क तक जाएगा और शाम को पुनः मंदिर लौटेगा।
इसके अलावा 5 जुलाई को शाम 6 बजे भगवान श्री वेंकटेश्वर स्वामी का दिव्य कल्याण महोत्सव आयोजित किया जाएगा। मंदिर समिति ने सभी श्रद्धालुओं से इन पावन आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भगवान बालाजी का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।










