सोशल संवाद/डेस्क: FIFA World Cup 2026 के फाइनल मुकाबले को लेकर दिल्ली सरकार ने फुटबॉल प्रेमियों के लिए बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घोषणा की है कि फाइनल मैच के दिन राजधानी के योग्य कैफे, रेस्टोरेंट और अन्य खानपान प्रतिष्ठानों को सुबह 4 बजे तक खुले रहने की अनुमति दी जाएगी। यह कदम देर रात होने वाले मुकाबले का आनंद लेने वाले प्रशंसकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।
यह भी पढे : Asian Youth Hockey Championship: सिमडेगा की तीन बेटियां भारतीय टीम में चयनित, झारखंड में खुशी की लहर
सरकार का कहना है कि यह निर्णय दिल्ली को 24×7 बिजनेस-फ्रेंडली शहर बनाने की दिशा में चल रहे प्रयासों का हिस्सा है। इससे न केवल फुटबॉल प्रशंसकों को मैच देखने में आसानी होगी, बल्कि होटल, कैफे और रेस्टोरेंट उद्योग को भी कारोबार बढ़ाने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया पर कहा कि फीफा वर्ल्ड कप का फाइनल दुनिया के सबसे बड़े खेल आयोजनों में से एक है और दिल्ली इस ऐतिहासिक रात के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने लोगों से सुरक्षित माहौल में मैच का आनंद लेने की अपील भी की।
फुटबॉल के इस महाकुंभ के फाइनल को लेकर राजधानी में खासा उत्साह देखा जा रहा है। देर रात तक लाइव स्क्रीनिंग, स्पेशल ऑफर्स और खेल प्रेमियों की भीड़ को देखते हुए यह फैसला आतिथ्य और पर्यटन क्षेत्र के लिए भी फायदेमंद माना जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस पहल से स्थानीय कारोबार को बढ़ावा मिलेगा और दिल्ली की नाइटलाइफ को भी नई पहचान मिलेगी।









