सोशल संवाद / जमशेदपुर : जिला मलेरिया पदाधिकारी, पूर्वी सिंहभूम के निर्देशानुसार बारीडीह हाई स्कूल के परिसर में शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 को कक्षा 1 एवं कक्षा 2 के सभी विद्यार्थियों के लिए माइक्रो फाइलेरिया (फाइलेरिया/हाथी पाँव) जाँच कार्यक्रम आयोजित किया गया।
यह भी पढे : पेंशनर्स 30 नवंबर तक जमा करें लाइफ सर्टिफिकेट:नहीं किया तो अटक सकती है पेंशन
इस जाँच कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा करना तथा फाइलेरिया जैसी बीमारी की समय रहते पहचान सुनिश्चित करना था। स्वास्थ्य विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार बच्चों की जाँच विद्यालय परिसर में ही की गई।
विद्यालय प्रबंधन ने अभिभावकों से भी इस स्वास्थ्य जाँच कार्यक्रम में सहयोग करने एवं अपने बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
विद्यालय की ओर से कहा गया कि बच्चों का स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करना विद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है। इस प्रकार के स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रम बच्चों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ एक स्वस्थ समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।











