सोशल संवाद / डेस्क : जमशेदपुर स्थित Meherbai Tata Memorial Hospital (MTMH) ने कैंसर उपचार के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अस्पताल में आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजना के अंतर्गत पहली बार सफलतापूर्वक “कमांडो सर्जरी” की गई। इस उपलब्धि को झारखंड में उन्नत कैंसर उपचार की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
यह भी पढे ; SC ने कहा- ऑनलाइन गेमिंग कंपनियों पर 28% GST सही
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, इस जटिल सर्जरी से लाभान्वित मरीज आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से संबंध रखते हैं। सामान्य परिस्थितियों में इतनी महंगी और जटिल सर्जरी कराना उनके लिए संभव नहीं था, लेकिन आयुष्मान भारत योजना के तहत उन्हें यह उपचार पूरी तरह कैशलेस सुविधा के साथ उपलब्ध कराया गया।
यह विशेष सर्जरी ऑन्कोसर्जन डॉ. लक्ष्मण महासेठ और डॉ. प्रणय कुमार मिश्रा की टीम द्वारा सफलतापूर्वक की गई। सर्जरी के दौरान डॉ. अनुप उपाध्याय ने सहयोग दिया, जबकि एनेस्थीसिया की जिम्मेदारी डॉ. देबाशीष कर्मकार ने संभाली। अस्पताल की ऑन्कोलॉजी ICU टीम और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने भी मरीज की देखभाल में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
क्या होती है कमांडो सर्जरी?
कमांडो सर्जरी एक अत्यंत जटिल कैंसर ऑपरेशन है, जो मुख्य रूप से मुंह, सिर और गर्दन के एडवांस कैंसर के इलाज के लिए की जाती है। इसमें कैंसरग्रस्त हिस्से को हटाने के साथ-साथ शरीर के प्रभावित भाग का पुनर्निर्माण भी किया जाता है। इस प्रक्रिया में लंबे समय तक गहन चिकित्सा देखभाल की जरूरत पड़ती है।
अस्पताल प्रशासन ने कहा कि यह सफलता केवल एक मेडिकल उपलब्धि नहीं, बल्कि गरीब और जरूरतमंद मरीजों तक उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की दिशा में भी बड़ा कदम है। इससे झारखंड और आसपास के राज्यों के कैंसर मरीजों को बेहतर इलाज की उम्मीद मिलेगी।
MTMH के डॉक्टरों, नर्सों और तकनीकी टीम ने दोहराया कि अस्पताल भविष्य में भी आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को विश्वस्तरीय कैंसर उपचार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा, ताकि पैसों की कमी किसी मरीज के इलाज में बाधा न बने।










