Duronto Express लेट होने से छूटी फ्लाइट, रेलवे को देना होगा 63 हजार रुपये मुआवजा; कंज्यूमर कोर्ट का फैसला

By Riya Kumari

Published :

Follow
Duronto Express लेट होने से छूटी फ्लाइट, रेलवे को देना होगा 63 हजार रुपये मुआवजा; कंज्यूमर कोर्ट का फैसला

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद / डेस्क : ट्रेन की लेटलतीफी के कारण अगर किसी यात्री की कनेक्टिंग फ्लाइट छूट जाती है, तो उसे कितना नुकसान उठाना पड़ सकता है, इसका एक मामला जम्मू से सामने आया है। दिल्ली दुरंतो एक्सप्रेस करीब 4 घंटे देरी से दिल्ली पहुंची, जिसके कारण एक दंपति की दिल्ली से गुवाहाटी जाने वाली फ्लाइट छूट गई। इस मामले में जम्मू की जिला उपभोक्ता अदालत ने उत्तर रेलवे को दंपति को 63,199 रुपये का भुगतान करने का आदेश दिया है।

यह भी पढे : Train Cancelled: झारखंड में 9 और 11 दिसंबर को रद्द रहेगी गया-LTT एक्सप्रेस, 20 ट्रेनों पर असर

करीब 4 घंटे लेट पहुंची थी दुरंतो एक्सप्रेस

मामला दिसंबर 2022 का है। जम्मू निवासी मोहित सिंह भाऊ और उनकी पत्नी दामिनी बिलोरिया ने 19 दिसंबर को जम्मू से दिल्ली जाने के लिए दिल्ली दुरंतो एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12266) में टिकट बुक कराया था।

ट्रेन को 20 दिसंबर की सुबह 3:55 बजे दिल्ली पहुंचना था। दंपति ने उसी दिन सुबह 7:15 बजे दिल्ली से गुवाहाटी जाने वाली फ्लाइट का टिकट भी बुक किया था। लेकिन ट्रेन करीब 3 घंटे 55 मिनट की देरी से सुबह 7:50 बजे दिल्ली पहुंची। इस वजह से दोनों की फ्लाइट छूट गई।

नए फ्लाइट टिकट और होटल पर खर्च करने पड़े पैसे

फ्लाइट छूटने के बाद दंपति को गुवाहाटी जाने के लिए नए टिकट खरीदने पड़े। इसके लिए उन्होंने 35,699 रुपये खर्च किए। इसके अलावा होटल में रुकने के लिए 2,500 रुपये देने पड़े।

इसके बाद दंपति ने उपभोक्ता आयोग में शिकायत दर्ज कराई और आर्थिक नुकसान, मानसिक परेशानी तथा कानूनी खर्च के लिए मुआवजे की मांग की।

रेलवे ने कोहरे को बताया था देरी की वजह

सुनवाई के दौरान रेलवे ने अपनी ओर से दलील दी कि ट्रेन की देरी के लिए उसे जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। रेलवे की तरफ से कोहरे को ट्रेन लेट होने की वजह बताया गया।

हालांकि, उपभोक्ता आयोग ने पाया कि रेलवे देरी के कारण को साबित करने के लिए कोई ठोस सबूत पेश नहीं कर सका। आयोग ने यह भी गौर किया कि रेलवे निर्धारित समय में अपना लिखित जवाब दाखिल करने में विफल रहा था।

कोर्ट ने रेलवे को कुल 63,199 रुपये देने का आदेश दिया

जम्मू जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग ने 4 नवंबर 2026 को अपना फैसला सुनाया। आयोग ने रेलवे को निम्न भुगतान करने का निर्देश दिया:

मुआवजे का विवरणराशि
नए फ्लाइट टिकट और होटल खर्च₹38,199
मानसिक परेशानी और असुविधा₹20,000
मुकदमे का खर्च₹5,000
कुल राशि₹63,199

इसके अलावा 38,199 रुपये की राशि पर 13 फरवरी 2023 से भुगतान होने तक 7.5 प्रतिशत सालाना ब्याज देने का भी आदेश दिया गया है। रेलवे को आदेश की प्रति मिलने के छह सप्ताह के भीतर भुगतान करना होगा।

यात्रियों के लिए क्या है इस फैसले का मतलब?

यह मामला बताता है कि ट्रेन में देरी के कारण आर्थिक नुकसान होने पर यात्री उपभोक्ता आयोग का दरवाजा खटखटा सकते हैं। हालांकि, हर ट्रेन की देरी पर अपने आप मुआवजा नहीं मिलता। मामले के तथ्य, नुकसान के प्रमाण और रेलवे की ओर से देरी का उचित कारण बताया गया या नहीं, इन सभी बातों पर फैसला निर्भर करता है।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---

Exit mobile version