जुगसलाई में बाढ़ की स्थिति गंभीर, नौशीन खान और हिदायतुल्लाह खान ने प्रभावित इलाकों का लिया जायजा

By Riya Kumari

Published :

Follow
जुगसलाई में बाढ़ की स्थिति गंभीर, नौशीन खान और हिदायतुल्लाह खान ने प्रभावित इलाकों का लिया जायजा

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद / जमशेदपुर: लगातार हो रही भारी बारिश और डैम से पानी छोड़े जाने के कारण जमशेदपुर में स्वर्णरेखा और खरकई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। इसके चलते जुगसलाई, मानगो, बिष्टुपुर, सोनारी और आदित्यपुर समेत कई इलाकों में बाढ़ का पानी घुस गया है। जुगसलाई के हबीब नगर और गरीब नवाज कॉलोनी समेत कई इलाकों में स्थिति गंभीर बनी हुई है।

यह भी पढे : मानगो नगर निगम के अधिकारियों को सरयू राय की हिदायत, बोले- नियमों के मुताबिक करें काम, दबाव में लिया फैसला पड़ सकता है भारी

बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जुगसलाई नगर परिषद की अध्यक्ष नौशीन खान और झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान ने प्रभावित इलाकों का दौरा किया। उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर राहत व्यवस्था का जायजा लिया।

कई घरों में घुसा बाढ़ का पानी

गरीब नवाज कॉलोनी का बड़ा हिस्सा बाढ़ के पानी की चपेट में है। कई घरों में पानी घुसने के कारण परिवारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कुछ परिवार तिरपाल लगाकर रहने को मजबूर हैं। ऐसे परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।

प्रभावित परिवारों तक पहुंचाया जा रहा भोजन और पानी

बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए भोजन, पीने का साफ पानी और अस्थायी रहने की व्यवस्था की जा रही है। जिन परिवारों के घरों में पानी घुस गया है, उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

नौशीन खान ने मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं और संबंधित लोगों को निर्देश दिया कि जरूरतमंद परिवारों तक राहत सामग्री समय पर पहुंचाई जाए। उन्होंने महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की जरूरतों का विशेष ध्यान रखने को कहा।

अंधेरे वाले इलाकों में रोशनी की व्यवस्था

नौशीन खान ने कहा कि निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति ज्यादा गंभीर है। लोगों के खाने और पीने के साथ रहने की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि नगर परिषद की ओर से प्रभावित इलाकों में रोशनी की व्यवस्था की गई है। जहां अभी भी अंधेरा है, वहां जल्द रोशनी की व्यवस्था की जाएगी।

उन्होंने कहा कि जब तक स्थिति सामान्य नहीं होती, तब तक राहत कार्य जारी रहेगा और हर संभव प्रभावित परिवार तक मदद पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

हिदायतुल्लाह खान ने भी लिया स्थिति का जायजा

झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान ने कहा कि जो लोग बाढ़ के कारण खाना नहीं बना पा रहे हैं, उनके घर तक भोजन पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने इसे इंसानियत और सेवा का काम बताते हुए कहा कि मुश्किल समय में प्रभावित लोगों की मदद करना सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने बताया कि बाढ़ की स्थिति को लेकर जिले के उपायुक्त से बातचीत की गई है। इसके अलावा अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफीजुल हसन अंसारी से भी संपर्क किया गया है। अधिकारियों को पत्र के माध्यम से स्थिति की जानकारी दी गई है, ताकि प्रभावित इलाकों में सरकारी मदद और राहत कार्य को तेज किया जा सके।

जब तक स्थिति सामान्य नहीं होगी, राहत कार्य जारी

हिदायतुल्लाह खान ने कहा कि गरीब नवाज कॉलोनी और आसपास के इलाके बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। नगर परिषद की अध्यक्ष के निर्देश पर जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। साथ ही अपनी ओर से भी प्रभावित परिवारों तक हर संभव मदद पहुंचाने का प्रयास जारी है।

दौरे के दौरान प्रभावित परिवारों ने मुश्किल समय में उनके बीच पहुंचने और राहत कार्य शुरू कराने के लिए नौशीन खान और हिदायतुल्लाह खान का आभार जताया।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---

Exit mobile version