सोशल संवाद/डेस्क: अमेरिका द्वारा सीज फायर की घोषणा का सीधा और सकारात्मक असर घरेलू गैस की बुकिंग पर देखने को मिला है. बुधवार को इंडियन ऑयल के महज साढ़े सात हजार ग्राहकों ने गैस की बुकिंग करायी, जबकि इससे पहले यह आंकड़ा प्रतिदिन 17 से 18 हजार तक पहुंच रहा था. विभाग ने इस वर्तमान स्थिति को एक ‘साधारण प्रैक्टिस’ बताया है.

यह भी पढ़ें: आवास बोर्ड के मकान व फ्लैट का उपयोग करनेवालों पर होगी कार्रवाई
डिजिटल बुकिंग के बिना नहीं मिलेगा सिलेंडर
इंडियन ऑयल के अधिकारियों ने इस राहत के बीच व्यवस्था को और पारदर्शी बनाने के लिए सभी डिस्ट्रीब्यूटरों को कड़े निर्देश जारी किये हैं. अब गैस की बुकिंग 100 प्रतिशत डिजिटल तरीके से ही सुनिश्चित की जायेगी. ग्राहकों को मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी (वन टाइम पासवर्ड) दिखाने पर ही भरा हुआ सिलेंडर दिया जायेगा. अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि मैनुअल या कागज पर लिखकर की गयी किसी भी प्रकार की बुकिंग अब स्वीकार नहीं होगी.
यदि कोई डिस्ट्रीब्यूटर इन नियमों का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जायेगी. गैस वितरण और आगामी रणनीति को लेकर गुरुवार को एक महत्वपूर्ण राज्य स्तरीय बैठक बुलायी गयी है. इसमें सभी जिलों के जिला आपूर्ति पदाधिकारियों को आमंत्रित किया गया है.









