Giridih Bus Accident: पारसनाथ से लौट रहे जैन श्रद्धालुओं की बस पलटी, सूरत के पति-पत्नी की मौत; 12 से अधिक घायल

By Riya Kumari

Published :

Follow
Giridih Bus Accident: पारसनाथ से लौट रहे जैन श्रद्धालुओं की बस पलटी, सूरत के पति-पत्नी की मौत; 12 से अधिक घायल

Join WhatsApp

Join Now

सोशल संवाद / डेस्क : झारखंड के गिरिडीह जिले में सोमवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सम्मेद शिखरजी (पारसनाथ) के दर्शन कर लौट रहे जैन श्रद्धालुओं से भरी एक बस मधुबन के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। इस हादसे में गुजरात के सूरत निवासी पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

यह भी पढे : Jharkhand Weather: झारखंड में बढ़ेगी ठंड, रांची में 12 डिग्री पहुंचेगा पारा; कोहरे का अलर्ट

पेड़ से टकराने के बाद गड्ढे में पलटी बस

मिली जानकारी के अनुसार, गुजरात के सूरत से करीब 50 जैन श्रद्धालु सम्मेद शिखरजी की यात्रा पर आए थे। दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं का समूह टाटानगर रेलवे स्टेशन के लिए रवाना हुआ था। सभी यात्री करीब 8 से 10 बसों के काफिले में रात लगभग 10 बजे निकले थे।

इसी दौरान मधुबन से करीब एक किलोमीटर आगे कल्याण निकेतन के पास एक बस चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई। बस पहले सड़क किनारे पेड़ से टकराई और फिर गड्ढे में पलट गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में पति-पत्नी की मौत, 12 से अधिक घायल

इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान सूरत निवासी बाबूलाल वंशराज जैन और उनकी पत्नी बदामी देवी के रूप में हुई है। दोनों बस के आगे वाले केबिन में बैठे थे। हादसे में 12 से अधिक श्रद्धालु घायल हुए हैं।

घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। घायलों को पीरटांड़ स्वास्थ्य केंद्र सहित अन्य अस्पतालों में इलाज के लिए भेजा गया। गंभीर रूप से घायल कुछ यात्रियों को बेहतर उपचार के लिए दूसरे अस्पतालों में रेफर किए जाने की जानकारी है।

कोहरे के कारण हादसे की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

दुर्घटना की सूचना मिलते ही मधुबन पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। बाकी श्रद्धालुओं को भी उनके गंतव्य तक पहुंचाने में मदद की गई।

प्रारंभिक जानकारी में रात के समय कोहरे और कम दृश्यता को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इस हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत से जैन समुदाय में शोक का माहौल है। पारसनाथ की धार्मिक यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं के लिए यह सफर दर्दनाक हादसे में बदल गया।

YouTube Join Now
Facebook Join Now
Social Samvad MagazineJoin Now
---Advertisement---

संबंधित पोस्ट

Exit mobile version