सोशल संवाद/जमशेदपुर: जमशेदपुर के टाटानगर स्टेशन चौक से कीताडीह रोड में 5 जनवरी को रेलवे का बुलडोजर दौड़ सकता है। डीआरएम के आदेश पर रेलवे इंजीनियरिंग विभाग ने गुरुवार को आरपीएफ जवानों के साथ स्टेशन चौक से बागबेड़ा थाना मोड तक 27 लीजधारी दुकानों को नोटिस दिया है।
यह भी पढ़ें: पालघर में बुलेट ट्रेन सुरंग का काम पूरा, मुंबई–अहमदाबाद हाईस्पीड प्रोजेक्ट को मिली बड़ी गति
इसमें 3 जनवरी तक रेलवे जमीन खाली करने का आदेश है। इससे पांच जनवरी को रेलवे द्वारा बुलडोजर से दुकानों को तोड़ने की उम्मीद है। हालांकि, स्टेशन चौक से कीताडीह रोड के दुकानदार जमशेदपुर के सांसद से भी मिले थे, लेकिन किसी तरह से छूट नहीं मिली और रेलवे ने अंतिम नोटिस थमा दिया है। इससे 50-60 वर्ष से रेलवे की जमीन पर व्यवसाय करने वाले परेशान हैं। हालांकि रेलवे के तीसरे नोटिस पर ही चार लोगों ने दुकान खाली कर दिया।
अन्य ने दूसरे क्षेत्र में दुकान खोलने की जगह का चयन कर लिया। बताया जाता है कि टाटानगर स्टेशन पुनर्विकास योजना से रेलवे इंजीनियरिंग विभाग ने अभी स्टेशन चौक से कीताडीह रोड में रनिंग रूम तक के दुकानदारों को ही नोटिस दिया है। इससे 32 दुकानदारों को नोटिस दिया गया है। दूसरे चरण में कीताडीह त्रिमूर्ति चौक से पूर्व नाला तक रेलवे का अतिक्रमण हटाओं अभियान चलेगा। 100 से ज्यादा लोगों को इंजीनियरिंग विभाग ने नोटिस देकर जमीन खाली करने का आदेश दिया है।
निशाने पर गुदड़ी बाजार भी
टाटानगर स्टेशन पुनर्विकास से जुगसलाई रोड स्थित गुदड़ी बाजार भी रेलवे के निशाने पर है, लेकिन अभी किसी दुकानदार को नोटिस नहीं दिया गया है। जानकार बताते हैं कि स्टेशन रोड स्थित पेट्रोल पंप के बगल से खासमहल तक नई सड़क बनाने के दौरान गुदड़ी बाजार में सामने की कुछ दुकानों को तोड़ा जा सकता है, ताकि यातायात सुरक्षा के लिए बर्मामाइंस ओवरब्रिज होकर जुगसलाई स्टेशन रोड आने वाले वाहनों के गुदड़ी बाजार के सामने सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के साथ गोलचक्कर भी बनाया जा सके।









