सोशल संवाद / रांची : जेपीएससी मामले में आंदोलनरत छात्रों से बात करने वाली मंत्रियों के प्रतिनिधिमंडल में शामिल ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि छात्रों की बात गंभीरता से सुनी गई है, जल्द ही फलाफल निकलेगा। उन्होंने कहा कि परीक्षा रद्द करने की मांग छात्रों की भी है, जिसपर सरकार विचार कर रही है। मंत्री ने कहा कि एनएसयूआई, झारखंड छात्र मोर्चा, आदिवासी हॉस्टल के बच्चे भी प्रतिनिधिमंडल से मिले हैं। सभी से बातचीत के तथ्यों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा। सरकार ने सारे स्टेकहोल्डर्स के लिए ईमेल जारी किया है, जिसमें सुझाव सरकार को भेजा जा सकता है।
दीपिका ने कहा कि बच्चों की सारी बातें आ गई हैं, जल्द ही रास्ता भी निकलेगा। लोकतांत्रिक तरीके से बात रखने या प्रदर्शन को कभी भी सरकार ने नहीं रोका। सरकार छात्रों के लिए चिंतित है, उनके मुद्दे सही हैं। इसके लिए ही समाधान निकाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि एबीवीपी को भी बातचीत के लिए आना चाहिए था। लेकिन सिर्फ राजनीति या विरोध प्रदर्शन से रास्ता नहीं निकलेगा। संवाद स्थापित कर रास्ता निकाला जा सकता है।संवाद में भाजपा व उसके संगठनों का यकीन नहीं है। सरकार हठधर्मिता नहीं कर रही है। छात्र आंदोलन के शुरू होने के पहले से सरकार कार्रवाई शुरू कर चुकी थी। सरकार संवाद से सकारात्मक पहल निकालने में लगी है। छात्रों का रवैया भी बहुत सकारात्मक है।
सीआईडी को कठपुतली कहना पुलिस का अपमानः शाहदेव
रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव ने बाबूलाल मरांडी द्वारा सीआईडी पर लगाए गए आरोपों को निराधार और भ्रामक बताया है। उन्होंने कहा कि बाबूलाल के पास न तो कोई ठोस मुद्दा बचा है और न ही जनता का समर्थन। जब भी राज्य की जांच एजेंसियां किसी बड़े घोटाले या धांधली की तह तक पहुंचकर निष्पक्षता से कार्रवाई शुरू करती हैं, तो भाजपा नेताओं के पेट में दर्द होने लगता है। सीआईडी को सरकार की कठपुतली कहना अनुचित और राज्य के पुलिस बल का अपमान है।
सीआईडी पर सवाल उठाना भाजपा की आदत : दूबे
रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने भाजपा की ओर से सीआईडी जांच और एडीजी मनोज कौशिक की भूमिका पर उठाए गए सवालों पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियों की निष्पक्षता पर सवाल खड़ा करना और सरकार की हर जांच पर संदेह पैदा करना भाजपा की पुरानी आदत रही है।









