सोशल संवाद / जमशेदपुर: श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर जीर्णोद्धार समिति के तत्वावधान में सोमवार को श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर परिसर स्थित शिवालय में पावन सहस्त्र घट जलाभिषेक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था और श्रद्धा से ओत-प्रोत इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया तथा पूजा-अर्चना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
यह भी पढे : RIMS में न्यूरोसर्जरी मरीजों को बड़ी राहत, 70 नए बेड बढ़ेंगे; फर्श पर इलाज की मजबूरी होगी खत्म
कार्यक्रम में समिति के संयोजक एवं जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया और क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की प्रार्थना की।
पूरे मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार, भक्ति संगीत और श्रद्धालुओं की उपस्थिति से भक्तिमय वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने सहस्त्र घट जलाभिषेक में भाग लेकर भगवान शिव के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की और परिवार तथा समाज के मंगल की कामना की।
धार्मिक अनुष्ठान का संचालन पुजारी विनोद पांडेय, अजय तिवारी एवं राकेश ओझा ने वैदिक रीति-रिवाजों और मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया। कार्यक्रम की व्यवस्था और संचालन समिति के प्रमुख सदस्य साकेत गौतम एवं असीम पाठक की देखरेख में किया गया।
इस अवसर पर मुख्य यजमान के रूप में साकेत गौतम उपस्थित रहे। वहीं अतिथियों में शिव शंकर सिंह, अमित शर्मा, अरुण सिंह, शिवाकांत, राजेश, समरेश और राकेश सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल हुए।
समिति के सदस्यों ने बताया कि ऐसे धार्मिक आयोजनों का उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक मूल्यों और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देना है। सहस्त्र घट जलाभिषेक के माध्यम से भगवान शिव से क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और जनकल्याण की प्रार्थना की गई।









