सोशल संवाद / चक्रधरपुर : ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क बेहतर बनाने की दिशा में एक और पहल की गई है। चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र के वाई-19 अंतर्गत धतकीडीह से ग्राम प्राथमिक विद्यालय चेलाबेड़ा तक लगभग 1000 फीट लंबी पीसीसी सड़क का भूमि पूजन सह शिलान्यास समारोहपूर्वक संपन्न हुआ। इस सड़क का निर्माण स्थानीय विधायक की विधायक निधि से कराया जाएगा।
निर्माण कार्य की शुरुआत वैदिक और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ की गई। ग्राम पुजारी ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ कराया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
सड़क बनने से ग्रामीणों को मिलेगी राहत
कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव ने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक गांव और टोले को बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ना उनकी प्राथमिकता है। धतकीडीह से चेलाबेड़ा प्राथमिक विद्यालय तक पीसीसी सड़क बनने से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और ग्रामीणों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सड़क निर्माण को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को जल्द इसका लाभ मिल सके।
शिलान्यास समारोह में ये लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि पीरू हेम्ब्रम, ग्राम मुंडा जादू नाथ नायक, अशोक नायक, जगदीश नायक, अजय नायक, मिथिलेश नायक, मुरारी नायक, नारांगा बांडरा, लक्ष्मी नायक, अंजली नायक, झामुमो नगर अध्यक्ष मोहम्मद हुसैन, सनी खान और सलीम खान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय महिला एवं पुरुष ग्रामीण उपस्थित रहे।
इस सड़क के निर्माण से धतकीडीह और चेलाबेड़ा के बीच आवागमन सुगम होने के साथ प्राथमिक विद्यालय जाने वाले बच्चों को भी सुविधा मिलने की उम्मीद है।











