---Advertisement---

Health Risks of Using Phone on Toilet: टॉयलेट में मोबाइल चलाने की आदत से बढ़ रहा है सेहत का खतरा

February 6, 2026 11:31 AM
---Advertisement---

सोशल संवाद / डेस्क : आज के डिजिटल दौर में मोबाइल फोन हमारे जीवन का अहम हिस्सा बन चुका है। यही वजह है कि कई लोग टॉयलेट जाते समय भी फोन साथ ले जाना नहीं भूलते। सोशल मीडिया स्क्रॉल करना, वीडियो देखना या गेम खेलना आम बात हो गई है, लेकिन स्वास्थ्य विशेषज्ञों की मानें तो यह आदत गंभीर बीमारियों की वजह बन सकती है। लंबे समय तक टॉयलेट सीट पर बैठना बवासीर से लेकर रेक्टल प्रोलैप्स जैसी खतरनाक समस्याओं को जन्म दे सकता है।

यह भी पढे : घर का खाना खाने के बावजूद क्यों हो रही पोषण की कमी? जानें सही कुकिंग और डाइट के तरीके

एक्सपर्ट्स क्यों कर रहे हैं चेतावनी?

CNN की एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका के यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास साउथवेस्टर्न मेडिकल सेंटर, डलास के कोलोरेक्टल सर्जन डॉ. लाई शुए बताते हैं कि पेट और मल त्याग से जुड़ी समस्याओं वाले कई मरीजों में टॉयलेट में ज्यादा देर बैठने की आदत पाई जाती है। वहीं, न्यूयॉर्क के स्टोनी ब्रुक मेडिसिन की गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. फराह मोंजूर के मुताबिक, टॉयलेट में बैठने का सुरक्षित समय 5 से 10 मिनट से अधिक नहीं होना चाहिए।

शरीर पर क्या पड़ता है असर?

डॉक्टर्स के अनुसार, टॉयलेट सीट की बनावट और गुरुत्वाकर्षण बल के कारण लंबे समय तक बैठे रहने से शरीर के निचले हिस्से पर दबाव बढ़ जाता है। इससे गुदा और मलाशय की नसों में खून जमा होने लगता है, जो सही तरीके से वापस नहीं जा पाता। नतीजतन, नसें सूज जाती हैं और हेमोरॉयड्स (बवासीर) का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा, ज्यादा देर तक जोर लगाने से पेल्विक फ्लोर मसल्स कमजोर हो जाती हैं, जिससे कब्ज, दर्द और मल या पेशाब रोकने में परेशानी हो सकती है।

चीन का चौंकाने वाला मामला

इस आदत के गंभीर परिणाम का एक मामला चीन में भी सामने आ चुका है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक व्यक्ति रोज करीब 30 मिनट तक टॉयलेट में बैठकर मोबाइल पर वीडियो गेम खेलता था। एक दिन मल त्याग के दौरान उसका मलाशय करीब छह इंच तक बाहर निकल आया। डॉक्टरों ने जांच के बाद इसे रेक्टल प्रोलैप्स बताया और इसकी वजह लंबे समय तक टॉयलेट में बैठने की आदत को माना।

कैसे रखें अपनी सेहत सुरक्षित?

स्वास्थ्य विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि टॉयलेट में मोबाइल, किताब या मैगजीन ले जाने से बचें। अगर 10 मिनट में मल त्याग न हो, तो जबरदस्ती जोर लगाने के बजाय उठकर थोड़ी देर टहलें। इसके साथ ही रोजाना पर्याप्त पानी पिएं और फाइबर युक्त आहार जैसे दालें, ओट्स, फल और हरी सब्जियों को डाइट में शामिल करें। यदि लंबे समय से कब्ज, खून आना या टॉयलेट में असामान्य रूप से ज्यादा समय लग रहा है, तो इसे नजरअंदाज न करें और तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।

टॉयलेट में मोबाइल चलाने की आदत भले ही छोटी लगे, लेकिन इसके लंबे समय तक गंभीर स्वास्थ्य परिणाम हो सकते हैं। थोड़ी सी सावधानी अपनाकर आप बड़ी बीमारी से खुद को बचा सकते हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now