सोशल संवाद / डेस्क : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर OBC और ST विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति (स्कॉलरशिप) योजनाओं का केंद्रीय फंड बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पर्याप्त बजट नहीं मिलने से राज्य के हजारों विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति का लाभ नहीं मिल पा रहा है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
यह भी पढ़े : संसद ने ‘वंदे मातरम्’ विधेयक पारित किया, राष्ट्रीय गीत को मिलेगा अधिक कानूनी संरक्षण
मुख्यमंत्री ने पत्र में बताया कि राज्य सरकार ने छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए जितनी राशि की मांग की थी, उसके मुकाबले केंद्र से काफी कम फंड मिला। उनका कहना है कि पिछले दो वित्तीय वर्षों में फंड की कमी के कारण OBC और ST छात्रों के लिए संचालित कई छात्रवृत्ति योजनाएं प्रभावित हुई हैं और बड़ी संख्या में पात्र छात्र सहायता मिलने का इंतजार कर रहे हैं।
हेमंत सोरेन ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि लंबित छात्रवृत्ति राशि जल्द जारी की जाए और राज्यों की वास्तविक जरूरत के अनुसार पर्याप्त केंद्रीय सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि झारखंड जैसे राज्य में बड़ी संख्या में गरीब और आदिवासी परिवारों के छात्र अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए छात्रवृत्ति पर निर्भर हैं। ऐसे में समय पर फंड उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है, ताकि आर्थिक तंगी के कारण किसी भी छात्र की शिक्षा प्रभावित न हो।
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार इस मांग पर गंभीरता से विचार करेगी और OBC तथा ST विद्यार्थियों के हित में जल्द सकारात्मक निर्णय लेगी।









