सोशल संवाद / चाईबासा : 2025 बैच की भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) की प्रशिक्षु पदाधिकारी सुश्री ईरा जोरवाल ने पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित प्रकोष्ठ में उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अमित रेनू तथा उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार से शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत करते हुए जिले की प्रशासनिक, सामाजिक एवं भौगोलिक विशेषताओं से अवगत कराया।

यह भी पढे : Bihar Helicopter Tourism: अब सिर्फ 2100 रुपये में पटना की हवाई सैर, 15 जुलाई से शुरू होगी सेवा
उपायुक्त मनीष कुमार ने प्रशिक्षु अधिकारी का जिले में स्वागत करते हुए कहा कि जिला प्रशिक्षण के दौरान उन्हें विभिन्न विभागों के कार्यों, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, राजस्व प्रशासन, कानून-व्यवस्था और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जमीनी समझ विकसित करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण प्रशासनिक कार्यप्रणाली को करीब से समझने का महत्वपूर्ण चरण होता है।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने जिले की सुरक्षा व्यवस्था, सामुदायिक पुलिसिंग और कानून-व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी साझा की। वहीं उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने ग्रामीण विकास, आजीविका संवर्द्धन और विभिन्न विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित अनुभवों को साझा किया।
गौरतलब है कि भारतीय प्रशासनिक सेवा के प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षु अधिकारियों को जिला स्तर पर व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए विभिन्न जिलों में प्रतिनियुक्त किया जाता है। इस दौरान अधिकारी जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के कार्यों का अध्ययन, क्षेत्र भ्रमण, योजनाओं का निरीक्षण, जनसमस्याओं के समाधान की प्रक्रिया तथा विकासात्मक गतिविधियों की निगरानी का अनुभव प्राप्त करते हैं।
प्रशिक्षण अवधि के दौरान सुश्री ईरा जोरवाल पश्चिमी सिंहभूम जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों एवं सरकारी संस्थानों का दौरा करेंगी। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन का अवलोकन करने के अलावा राजस्व, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, आजीविका संवर्द्धन तथा कानून-व्यवस्था से संबंधित गतिविधियों का भी अध्ययन करेंगी।
इसके अतिरिक्त वे जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं आम नागरिकों के साथ संवाद स्थापित कर स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली को निकटता से समझेंगी। इस अवसर पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टुटी, जिला स्थापना उपसमाहर्ता कुमार हर्ष तथा परिचारी प्रवर मंशु गोप भी उपस्थित रहे।









